300 करोड़ रुपए की डीपीआर तैयार: भोपाल-ब्यावरा रोड 6 साल में जर्जर, अब फिर से बनेगा – Bhopal News

300 करोड़ रुपए की डीपीआर तैयार:  भोपाल-ब्यावरा रोड 6 साल में जर्जर, अब फिर से बनेगा – Bhopal News



मप्र का नेशनल हाइवे 46 भोपाल से ब्यावरा तक का फोरलेन रोड फिर से बनने जा रहा है। करीब 6 साल पहले बनकर कम्पलीट हुए इस रोड का करीब 13.33 किमी लंबा हिस्सा पूरी तरह खराब हो गया है और इसमें गड्ढे होने के साथ बेस भी खराब हो गया है। यहां पुरानी सड़क को हटाकर नई सड़क बनाई जाएगी। वहीं इस सड़क के करीब 51 किमी हिस्से में सड़क लगभग कमजोर हो गई है। यहां बिटुमिन (डामर) की नई परत बिछाई जाएगी। बाकी हिस्से में मेंटनेंस किया जाएगा। जिस कंपनी को काम मिलेगा, वह 4 साल तक देखरेख करेगी। दो साल पहले से इसकी गुणवत्ता खराब होने को लेकर शिकायतें मिल रही थी।
अब फाइनली इसके लिए टेंडर जारी हो गया है और करीब 300 करोड़ रुपए की डीपीआर तैयार की गई है, जिसमें कुल 106 किमी लंबी रोड पर काम होगा। इसका निर्माण नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) द्वारा किया जाएगा। इसके प्रोजेक्ट डायरेक्टर देवांश नुअल ने बताया कि 6 साल में सड़क का डामर पूरी तरह खराब होने लगता है। इस सड़क के डामर को बदले जाने के लिए टेंडर किया गया है। अगले महीने तक टेंडर फाइनल होगा और उसके बाद काम शुरू होगा। अवधि को लेकर बोले कि टेंडर होने के बाद ही बता पाएंगे।
दो हिस्सों में ​होगा निर्माण
ब्यावरा-भोपाल नेशनल हाईवे का निर्माण 1087 करोड़ से 2019-20 में हुआ था। इसके 3 साल बाद ही सड़क का बड़ा हिस्सा धंसने लगा था। ब्यावरा से नरसिंहगढ़ तक तो फोरलेन जमीन से भी नीचे बना दिया गया। कई जगह बारिश में जलभराव की स्थिति भी बनती है। अब नई डीपीआर में इसकी हाइट बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया है। यह 3 से 4 फीट बढ़ाई जाएगी। हर एक किमी पर एक पुलिया बनाएंगे। 5 जगह अलग से बन रहे अंडरपास, ब्रिज बनेंगे। टेंडर के लिए फाइल दिल्ली सड़क परिवहन मंत्रालय को भेज दी गई है। स्वीकृति के बाद ब्यावरा से नरसिंहगढ़ तक फोरलेन पर 150 करोड़ और नरसिंहगढ़ से भोपाल तक भी 150 करोड़ खर्च किए जाएंगे।



Source link