ट्रैफिक 10 गुना बढ़ा, 5 घंटे तक जाम: 2 संयोग एक साथ; नर्मदा जयंती और राधास्वामी सत्संग – Indore News

ट्रैफिक 10 गुना बढ़ा, 5 घंटे तक जाम:  2 संयोग एक साथ; नर्मदा जयंती और राधास्वामी सत्संग – Indore News




रविवार को बायपास और खंडवा रोड पर भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। एक ओर नर्मदा जयंती व राधास्वामी सत्संग का संयोग तो दूसरी ओर वीकेंड पर छुटि्टयां। आम दिनों से 10 गुना ज्यादा वाहन एकसाथ निकले तो ट्रैफिक फंसता चला गया। सुबह 11 से शाम 4 बजे तक कहीं वाहन थमे तो कहीं रेंगते रहे। खंडवा रोड पर सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु नर्मदा तट की ओर रवाना हुए, वहीं निमाड़ अंचल से एक धार्मिक आयोजन में शामिल होने के लिए इंदौर आने वाले श्रद्धालुओं का भारी आवागमन रहा। दोनों आयोजनों के एक साथ होने से सिमरोल क्षेत्र और बायपास पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। ऐसे हालात बनेंगे, पुलिस-प्रशासन इसका अनुमान ही नहीं लगा सके। खंडवा रोड : ट्रैफिक की चार लेन एक साथ सुबह 10 बजे भेरूघाट पर अचानक भारी जाम की स्थिति बन गई। हालात ये हो गए कि तलाई नाका तक वाहनों की कतारें लग गईं। भारी ट्रकों को डायवर्ट करने के बावजूद वाहन घंटों रेंगते नजर आए। कई स्थानों पर वाहनों की कतारें 4 से 5 किलोमीटर तक पहुंच गई। ग्रामीण लखन यादव ने बताया कि ट्रैफिक की चार-चार लेन बन गई, इससे स्थिति और ज्यादा बिगड़ गई, क्योंकि सामने से आने वाले वाहनों को जगह ही नहीं मिल रही थी। पहले तो यहां बाइक भी निकल जाती थी, लेकिन 5-6 घंटे तक तो सिर्फ रेंगते हुए जाना पड़ा। बायपास : रालामंडल से शिप्रा टोल तक असर, बोगदे भी पैक
रालामंडल बायपास से लेकर शिप्रा टोल तक जाम का असर रहा। सुबह 11 से शाम 4-5 बजे तक वाहन फंसते रहे। बोगदे भी वाहनों से पैक हो गए। इससे जाम का असर सर्विस रोड तक पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कई लोग ओंकारेश्वर में भीड़ होने के चलते नेमावर के लिए निकले। इसके अलावा वीकेंड पर रिसोर्ट और पिकनिक वालों की भी खासी भीड़ रही। देवास से आने वाले एक युवक ने बताया कि शाम को टोल से ही स्थिति खराब दिख रही थी, इसलिए कार को अपोजित वाले सर्विस रोड पर लेकर धीरे-धीरे इंदौर तक पहुंचे। अचानक 10 गुना ट्रैफिक, इसलिए स्थिति बिगड़ी
^हमने रात से तेजाजी नगर और सनावद से भारी वाहन बंद करवा दिए थे। सुबह से सड़क पर अचानक वाहनों की संख्या दस गुना तक बढ़ गई। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस लाइन से 10 अतिरिक्त जवान बुलाए गए, लेकिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के सामने व्यवस्थाएं कमजोर रहीं।
– अमित कुमार, टीआई, सिमरोल​​​​​​​



Source link