IND vs NZ: किशन या फिर संजू सैमसन, Tilak Verma की वापसी से ये धुरंधर होगा बाहर, अजिंक्य रहाणे ने बताया नाम

IND vs NZ: किशन या फिर संजू सैमसन, Tilak Verma की वापसी से ये धुरंधर होगा बाहर, अजिंक्य रहाणे ने बताया नाम


IND vs NZ 4th T20I: न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी टी20 सीरीज में संजू सैमसन की चिंता बढ़ चुकी है. यह खिलाड़ी पहले तीनों टी20 मैचों में फ्लॉप रहा है. नागपुर में 10, रायपुर में 6 और गुवाहाटी में संजू का खाता तक नहीं खुला, जबकि घरेलू क्रिकेट में धमाकेदार प्रदर्शन के बाद टीम इंडिया में वापसी करने वाले ईशान किशन ने तूफानी बल्लेबाजी से गर्दा उड़ा दिया है. अब सवाल यह है कि जब टीम में स्टार बल्लेबाज तिलक वर्मा लौट आएंगे, तो प्लेइंग 11 से किसका पत्ता कटेगा? इस सवाल पर अब भारतीय क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे ने जवाब दिया है.

रहाणे ने क्रिकबज पर बात करते हुए कहा, ‘जब तिलक वर्मा वापस आएंगे, तो मेरी नजर में ईशान किशन बाहर बैठेंगे. जहां तक संजू सैमसन की बात है, तो मैं उन्हें अगले दो T20I में रन न बनाने पर भी सपोर्ट करूंगा. मुझे यकीन है कि मैनेजमेंट और कप्तान संजू सैमसन को सपोर्ट करेंगे. वह एक क्वालिटी प्लेयर हैं. उन्हें बस खुद पर भरोसा करने की जरूरत है. उनके पास गेम और काबिलियत है. कभी-कभी इस फॉर्मेट में आपका खेल खराब दिख सकता है, लेकिन कोई बात नहीं. यह हमेशा आपके भरोसे, मैदान पर जाकर आजादी से खेलने और खुद को सपोर्ट करने के बारे में होता है.’

सोशल मीडिया पर एक बहस छिड़ी है कि एक तरफ अभिषेक शर्मा तूफानी अंदाज में रन बना रहे हैं, तो दूसरी तरफ संजू सैमसन फ्लॉप हो रहे हैं. इसे लेकर रहाणे ने कहा, ‘उसकी तुलना अभिषेक शर्मा से न करें, जो दूसरे छोर पर है. संजू सैमसन में अलग काबिलियत है. उसे मैदान पर जाकर अपनी पुरानी पारियों और राजस्थान रॉयल्स के लिए खेली गई पारियों के बारे में सोचना चाहिए.’

Add Zee News as a Preferred Source


रहाणे ने संजू को दिया ये सुझाव

रहाणे ने संजू को एक खास सुझाव दिया है. उन्होंने कहा कि संजू को मैदान पर जाकर खुद को एक्सप्रेस करना चाहिए. शायद 15 गेंदों में 25 या 20 गेंदों में 35 रन भी ठीक रहेंगे. लेकिन क्रीज पर थोड़ा समय बिताना और पहले कुछ ओवर निकालकर फिर वहां से गेम को आगे बढ़ाना उसके लिए सबसे अच्छा होगा. “मुझे लगता है कि टीम मैनेजमेंट और कप्तान की भूमिका अहम होगी. संजू सैमसन को यह बताना जरूरी है कि तुम ये सभी मैच खेलोगे और वर्ल्ड कप में भी खेलोगे.’

संजू की जगह को क्यों है खतरा?

टी20 विश्व कप 2026 के लिए मुख्य विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर चुने गए संजू की प्लेइंग 11 में जगह पर इसलिए सवाल खड़े हो गए हैं क्योंकि वह पिछले तीन मैचों में सिर्फ 16 रन ही बना पाए हैं. गुवाहाटी में गोल्डन डक पर आउट होने के चलते उन पर दबाव बढ़ चुका है. पिछली 9 पारियों के आंकड़े और भी हैरान करने वाले हैं. आखिरी 9 पारियों में ओपनर के तौर पर संजू के बल्ले से सिर्फ 104 रन निकले हैं, जिनका औसत 11.55 है. वहीं दूसरी तरफ अभिषेक शर्मा छक्कों की बारिश कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें: IND vs NZ 3rd T20I: अभिषेक-सूर्या के तूफान के बीच जसप्रीत बुमराह का बड़ा कारनामा, युवराज जैसा कर दिखाया कमाल



Source link