IND vs NZ T20I: भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज चल रही है, जिसके तीन मैच हो चुके हैं. भारत ने तीनों मैच जीतकर सीरीज में 3-0 से अजेय बढ़त हासिल कर ली है. इस सीरीज के पहले तीन मैचों में एक तूफानी बल्लेबाज को प्लेइंग 11 में मौका नहीं मिला. उसे पहले तीनों ही मैचों के लिए स्क्वॉड में चुना गया था, लेकिन अब खबर आई है कि वो बचे हुए दो मैचों के लिए भी टीम के साथ रहेगा. भले ही इस खिलाड़ी को स्क्वॉड में बरकरार रखा गया है, लेकिन उसकी प्लेइंग 11 में जगह मिलना मुश्किल है. इसके पीछे की वजह टीम कॉम्बिनेशन है, जिसके चलते कप्तान सूर्यकुमार यादव ने इस विस्फोटक खिलाड़ी को पहले तीनों ही मैचों में जगह नहीं दी. अब सवाल ये है कि आखिर ये खिलाड़ी है कौन?
पहले तीन मैचों में बेंच गर्म करने वाले खिलाड़ी का नाम है श्रेयस अय्यर, जो मिडिल ऑर्डर के घातक बल्लेबाज हैं, लेकिन उन्हें विश्व कप 2026 के लिए टीम इंडिया में जगह नहीं मिली. तिलक वर्मा को नंबर 3 के लिए चुना गया है, जो इन दिनों चोट के चलते मैदान से बाहर हैं.
तिलक के रिप्लेसमेंट के तौर पर आए अय्यर
न्यूजीलैंड के खिलाफ चोटिल तिलक की जगह अय्यर को इस सीरीज में स्क्वॉड में शामिल किया गया था, लेकिन प्लेइंग 11 में मौका मिलने के चांस कम थे. हुआ भी यही. पहले तीनों मैचों में भारत ने नंबर 3 पर ईशान किशन को मौका दिया, जिन्होंने तूफानी बैटिंग से गर्दा उड़ा दिया. उन्हें अय्यर के ऊपर इसलिए तरजीह दी गई, क्योंकि किशन विश्व कप टीम का हिस्सा हैं.
तिलक कब तक होंगे फिट?
अब बचे हुए दो टी20 मैचों में अय्यर टीम के साथ रहेंगे, क्योंकि तिलक वर्मा अब तक वापस नहीं लौटे हैं. वो पूरी सीरीज मिस करेंगे. तिलक को लेकर कहा जा रहा है कि वो 7 फरवरी 2026 से पहले पूरी तरह ठीक हो जाएंगे. इन दिनों तिलक बेंगलुरु में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में हैं और रिहैब कर रहे हैं. एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि तिलक 3 फरवरी को पूरी तरह मैच फिट होने के बाद मुंबई में टीम के साथ जुड़ेंगे. वो साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाला वॉर्म-अप मैच खेल सकते हैं. श्रेयस अय्यर को दिसंबर 2023 के बाद टी20 टीम में मौका मिला था, लेकिन प्लेइंग 11 से बाहर रहे.
टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का अपडेटेड स्क्वॉड
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उपकप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, ईशान किशन (विकेटकीपर), रवि बिश्नोई.
ये भी पढ़ें: T20 World Cup 2026: चोटिल सुंदर का खेलना मुश्किल, BCCI इस खिलाड़ी को कर रही तैयार, अचानक चमक सकती है किस्मत