T20 World Cup 2026 West Indies Squad: वेस्टइंडीज ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपने स्क्वॉड का ऐलान कर दिया. उसने टूर्नामेंट के लिए अनुभवी ऑलराउंडर जेसन होल्डर और पूर्व कप्तान रोवमैन पॉवेल को वापस बुलाया है. 15 सदस्यीय टीम की कमान अनुभवी शाई होप को सौंपी गई है. होल्डर, पॉवेल और रोमारियो शेफर्ड को हाल के मैचो में आराम देने के बाद वापस बुलाया गया है. दो बार की चैंपियन टीम को इंग्लैंड, स्कॉटलैंड, नेपाल और इटली के साथ ग्रुप सी में रखा गया है. वेस्टइंडीज अपना पहला मैच 7 फरवरी को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में स्कॉटलैंड के खिलाफ खेलेगा. इसी मैदान पर टीम ने 2012 के बाद दूसरी बार 2016 में वर्ल्ड कप जीता था.
सैम्पसन के चयन पर सवाल
वेस्टइंडीज ने टीम में हार्ड-हिटिंग बल्लेबाज क्विंटन सैम्पसन को भी शामिल किया है. 25 वर्षीय गुयाना के खिलाड़ी ने दुबई में अफगानिस्तान के खिलाफ हालिया सीरीज में अपना टी20 डेब्यू किया और तीन पारियों में 35 रन बनाए. मामूली प्रदर्शन के बावजूद सैम्पसन को कैरेबियन प्रीमियर लीग (सीपीएल) में उनके प्रदर्शन के आधार पर टीम में शामिल किया गया है. वहां उन्होंने तेजी से रन बनाने और दबाव वाली स्थितियों को संभालने की अपनी क्षमता दिखाई थी.
सीपीएल में मचाया था धमाल
सैम्पसन सीपीएल में गुयाना अमेजन वॉरियर्स के तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे. उन्होंने नौ पारियों में 151.57 के स्ट्राइक रेट से 241 रन बनाए थे. सीपीएल के इस प्रदर्शन के कारण उन्हें अफगानिस्तान सीरीज के दौरान पहली बार अंतरराष्ट्रीय टीम में जगह मिली. इसमें कप्तान होप सहित कई प्रमुख खिलाड़ी SA20 में खेलने के कारण शामिल नहीं हो पाए थे. रोस्टन चेज, अकील हुसैन और शेरफेन रदरफोर्ड उस सीरीज से भी बाहर थे. तीनों टीम में वापस आ गए हैं.
ये भी पढ़ें: टी20 वर्ल्ड कप पर पाकिस्तान ने बढ़ाया सस्पेंस… नकवी की शरीफ के साथ ‘नौटंकी’, कब लेगा अंतिम फैसला?
शामार जोसेफ के चयन ने किया हैरान
तेज गेंदबाज शामार जोसेफ ने 2025 के अंत में उतार-चढ़ाव भरे दौर का सामना किया था. 26 वर्षीय खिलाड़ी ने अफगानिस्तान के खिलाफ दो मैच खेले, लेकिन चोट के कारण भारत दौरे से बाहर हो गए और फिर ट्रेनिंग के दौरान कंधे में परेशानी के कारण बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज से भी बाहर रहे. अफगानिस्तान सीरीज से पहले जोसेफ ने सितंबर में ही प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेला था. इसमें उन्होंने गुयाना अमेजन वॉरियर्स के 12 मैचों में से सिर्फ पांच में हिस्सा लिया था. इसके बावजूद उनका चयन टीम में हो गया है.
गेंदबाजी आक्रामण में कौन-कौन?
तेज गेंदबाजी आक्रमण में होल्डर, जोसेफ, मैथ्यू फोर्ड और जेडन सील्स शामिल होंगे. स्पिन विभाग का नेतृत्व अकील हुसैन करेंगे. इसमें रोस्टन चेज और गुडाकेश मोती उनका साथ देंगे. दूसरी ओर, बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज एविन लुईस या तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ के लिए टीम में कोई जगह नहीं थी. दोनों ही हाल के दिनों में चोटों से जूझ रहे हैं.
ये भी पढ़ें: करोड़ों में बिकी महानतम क्रिकेटर की 78 साल पुरानी कैप, टेस्ट में 99.94 की औसत से ठोके थे 6996 रन
टी20 वर्ल्ड कप के लिए वेस्टइंडीज की टीम
शाई होप (कप्तान), शिमरोन हेटमायर, जॉनसन चार्ल्स, ब्रैंडन किंग, रोस्टन चेज, जेसन होल्डर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड, क्विंटन सैम्पसन, अकील हुसैन, गुडाकेश मोती, शामार जोसेफ, जेडन सील्स, मैथ्यू फोर्ड.