T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप 2026 की तैयारी पूरी है. 7 फरवरी से 20 टीमों के बीच इस मेगा इवेंट का आगाज होगा, लेकिन इससे पहले टीम इंडिया के 3 खिलाड़ियों की चोट ने परेशानी बढ़ा दी है. तिलक वर्मा, अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर चोट से परेशान हैं. हालांकि तिलक और अक्षर का विश्व कप से पहले फिट होना तय माना जा रहा है, लेकिन सुंदर की चोट थोड़ी गंभीर है, इसलिए उनके खेलने पर सस्पेंस है. अगर सुंदर बाहर होते हैं, तो उनकी जगह कौन आएगा? यह बड़ा सवाल है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने उस खिलाड़ी को चुन लिया है, जो सुंदर को रिप्लेस कर सकता है. इसके लिए उस खिलाड़ी को तैयार रहने को भी कहा गया है.
बीसीसीआई ने जिस खिलाड़ी को तैयार रहने को कहा है, वो कोई और नहीं बल्कि रियान पराग हैं, जो तूफानी बल्लेबाजी के साथ ही स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं. ये वही रियान हैं, जो श्रीलंका के खिलाफ खेले गए विदेशी वनडे और टी20I सीरीज के दौरान गौतम गंभीर के भारत के हेड कोच के रूप में पहले असाइनमेंट का हिस्सा थे.
सुंदर के बैकअप के तौर पर पहली पसंद हैं पराग
ताजा रिपोर्ट में दावा किया गया है कि बीसीसीआई ने बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) से कहा है कि रियान पराग को पूरी तरह तैयार रखा जाए, क्योंकि टी20 विश्व कप 2026 के शुरुआती मैचों में सुंदर बाहर रह सकते हैं. अगर जरूरत पड़ती है, तो रियान को मौका मिल सकता है. टी20 विश्व कप 2026 से पहले टीम इंडिया 4 फरवरी को साउथ अफ्रीका के खिलाफ एक प्रैक्टिस मैच खेल सकती है. इस मुकाबले से पहले ही रियान पराग को वाशिंगटन सुंदर के लाइक-टू-लाइक बैकअप के तौर पर चिन्हित किया गया है.
आखिर सुंदर को क्या हुआ है?
दरअसल, स्टार ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर साइड स्ट्रेन से जूझ रहे हैं और उन्हें ठीक होने में अभी वक्त लग रहा है. सुंदर को यह चोट न्यूजीलैंड के खिलाफ हुई वनडे सीरीज के दौरान लगी थी. वह वडोदरा में गेंदबाजी करते वक्त चोटिल हो गए थे. इसी वजह से वह टी20 सीरीज में भी नहीं खेल पाए. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें पूरी तरह फिट होने में अभी करीब दो हफ्ते और लग सकते हैं.
रियान पराग फिलहाल कहां हैं?
अब सवाल ये है कि आखिर रियान पराग इन दिनों कहां हैं? तो जान लीजिए कि यह ऑलराउंडर इन दिनों बीसीसीआई के उत्कृष्टता केंद्र यानी CoE में हैं. वह यहां कंधे की चोट से उबर रहे हैं. रियान ने कंधे की चोट के चलते सर्जरी कराई थी. यह चोट सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के दौरान उभर आई थी, लिहाजा वह विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 भी नहीं खेल पाए थे और रणजी ट्रॉफी 2025-26 के दूसरे चरण का भी हिस्सा नहीं हैं. आखिरी बार वह 6 दिसंबर 2026 को मैदान पर उतरे थे.
31 जनवरी को फिटनेस पर होगा आखिरी फैसला
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि रियान तेजी से रिकवर हुए हैं. उन्होंने नेट्स में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों शुरू कर दी है. अब वह 28 और 30 जनवरी को दो सिमुलेशन मैच खेलेंगे. इसके बाद 31 जनवरी को उनकी फिटनेस को लेकर अंतिम क्लियरेंस लिया जाएगा. रियान को 2 फरवरी को भारतीय टीम के मुंबई में इकट्ठा होने पर वहां रिपोर्ट करने के लिए स्टैंडबाय पर रखा गया है. हालांकि वह मुख्य टीम का हिस्सा नहीं हैं. चयनकर्ता उन्हें सिर्फ एक फ्लेक्सिबल विकल्प के तौर पर देख रहे हैं, वो भी तब जब वाशिंगटन सुंदर समय पर फिट नहीं हो पाते.
ये भी पढ़ें: IND vs NZ: किशन या फिर संजू सैमसन, Tilak Verma की वापसी से ये धुरंधर होगा बाहर, अजिंक्य रहाणे ने बताया नाम