T20 World Cup 2026 Controversy: टी20 वर्ल्ड कप 2026 को शुरू होने में अब 11 दिन बाकी है, लेकिन विवाद खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है. बांग्लादेश के बाहर होने के बाद अब पाकिस्तान भी नाटक करने में लगा है. PCB के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने सोमवार को कहा कि अगले महीने होने वाले टी20 विश्व कप में टीम की भागीदारी पर अंतिम निर्णय प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ से मुलाकात के बाद टाल दिया गया है. नकवी ने स्थिति पर सलाह लेने के लिए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री से मुलाकात की थी, जिसके बाद निर्णय लिए जाने की उम्मीद थी, लेकिन पीसीबी प्रमुख ने फेसबुक पर पोस्ट किया कि अब अंतिम फैसला शुक्रवार या अगले सोमवार को लिया जाएगा.
पाकिस्तान को ये ड्रामा महंगा पड़ सकता है. कहीं ऐसा ना हो कि वो अपने जाल में खुद फंस जाए. दरअसल, मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेलने से इनकार नहीं कर सकता, क्योंकि उन्हें मालूम है कि अगर ऐसा हुआ तो आईसीसी दोबारा बांग्लादेश को टूर्नामेंट में खेलने के लिए मना सकता है.
टी20 वर्ल्ड कप विवाद में नया ट्विस्ट
मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से बाहर करने के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने टी20 वर्ल्ड कप को मुद्दा बनाया और भारत में सुरक्षा की चिंताओं को व्यक्त करते हुए बीसीसीआई और आईसीसी से दुश्मनी मोल ली. हालांकि, अब थोड़ी सी संभावना है कि आईसीसी बांग्लादेश को वापस बुला सकती है, क्योंकि 7 फरवरी को होने वाले पहले मैच में अब दस दिन से थोड़ा अधिक समय बचा है.
टी20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश की एंट्री होगी या नहीं, ये पाकिस्तान पर निर्भर करता है. दिलचस्प बात ये है कि पाकिस्तान खुद बांग्लादेश के समर्थन में ये ड्रामा कर रहा है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) बांग्लादेश के साथ एकजुटता दिखाते हुए विश्व कप का बहिष्कार करने पर विचार कर रहा है. हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, यदि वे यह निर्णय लेते हैं, तो आईसीसी बांग्लादेश को रिप्लेसमेंट के रूप में पहला मौका देगी.
रिपोर्ट में एक अधिकारी के हवाले से कहा गया है, “अगर पाकिस्तान टूर्नामेंट से हटने का फैसला करता है, तो बांग्लादेश को ग्रुप ए में उनकी जगह लेने और बीसीबी के मूल अनुरोध के अनुसार श्रीलंका में अपने सभी मैच खेलने का अवसर दिया जाएगा. इस व्यवस्था से रसद संबंधी सीमित चुनौतियां ही उत्पन्न होंगी.”
बता दें कि पाकिस्तान ने पहले ही टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए टीम का ऐलान कर दिया है. ऐसे में संभावना है कि वो टूर्नामेंट से बहिष्कार करने की बड़ी गलती नहीं करेगा. सोमवार को नकवी ने कहा कि वे शुक्रवार या अगले सोमवार तक फैसला कर लेंगे, जिससे ग्रुप ए में उनकी जगह किसी और टीम को लेने के लिए शायद ही कोई समय बचेगा. रिपोर्ट में कहा गया है कि ऐसा कदम पीसीबी, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) और आईसीसी के बीच हुए समझौते का उल्लंघन होगा.