मिक्सर और ट्रैक्टर के बीच फंसकर मजदूर की दर्दनाक मौत: अशोकनगर में मशीन बैक करते समय ड्राइवर की नहीं पड़ी नजर, परिजनों में आक्रोश – Ashoknagar News

मिक्सर और ट्रैक्टर के बीच फंसकर मजदूर की दर्दनाक मौत:  अशोकनगर में मशीन बैक करते समय ड्राइवर की नहीं पड़ी नजर, परिजनों में आक्रोश – Ashoknagar News




अशोकनगर जिले के मुंगावली-बहादुरपुर रोड पर स्थित सुमेर गांव के पास एक सड़क निर्माण कंपनी के मिक्सर प्लांट पर हुए हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मंगलवार दोपहर मिक्सर मशीन को पीछे करते समय युवक मशीन और पीछे खड़े ट्रैक्टर के बीच फंस गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक का नाम शिवकुमार यादव (30 वर्ष) पिता वीरन सिंह यादव है, जो बंधी गांव में रहता था। युवक प्लांट पर ही काम करता था। परिजनों में आक्रोश, मौके पर भारी पुलिस बल तैनात
हादसे के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बहादुरपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों में युवक की मौत को लेकर काफी आक्रोश था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। एसडीओपी सनम बी खान के साथ मुंगावली और पिपरई थाना प्रभारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।



Source link