Last Updated:
Jacob Martin arrested for drunk driving: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी जैकब मार्टिन को शराब पीकर गाड़ी चलाने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है. नशे की हालत में जैकब ने सड़क किनारे खड़ी तीन गाड़ियों को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया. इससे पहले भी जैकब मानव तस्करी का केस चला था और उनकी गिरफ्तारी भी हुई थी.
वडोदरा: पूर्व भारतीय क्रिकेटर जैकब मार्टिन को शराब पीकर गाड़ी चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया. मंगलवार तड़के जैकब वडोदरा में अपनी लग्जरी एसयूवी चलाते हुए कथित तौर पर शराब के नशे में सड़क किनारे खड़ी तीन कारों में टक्कर मार दी. पुलिस ने इस घटना की जानकारी दी है. पुलिस ने कहा कि हादसे के कुछ घंटे बाद 53 वर्षीय मार्टिन को हिरासत में लिया गया. मार्टिन ने भारत के लिए 10 वनडे मैच खेले हैं.
पुलिस ने बताया कि बड़ौदा के पूर्व बल्लेबाज मार्टिन रात करीब 2:30 बजे अकोटा इलाके की पुनीत नगर सोसाइटी के पास अपनी लग्जरी एसयूवी चला रहे थे, तभी नशे की हालत में वाहन से नियंत्रण खो बैठे. नशे की हालत में गाड़ी चले रहे जैकब ने एक घर के बाहर खड़ी तीन कारों को टक्कर मारी. अकोटा पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने पीटीआई को यह जानकारी दी.
मानव तस्करी के आरोप में भी हो चुके हैं गिरफ्तार
क्षतिग्रस्त कारों के मालिक की शिकायत के आधार पर पूर्व क्रिकेटर के खिलाफ भारतीय दंड संहिता के अंतर्गत लापरवाही और शराब पीकर वाहन चलाने से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने मार्टिन की एमजी हेक्टर कार को जब्त कर लिया है. गौरतलब है कि बड़ौदा रणजी ट्रॉफी टीम के पूर्व कप्तान जैकब मार्टिन को वर्ष 2011 में दिल्ली पुलिस ने मानव तस्करी के आरोप में भी गिरफ्तार किया था.
कैसा रहा है उनका क्रिकेटिंग करियर
जैकब मार्टिन का क्रिकेटिंग करियर कुछ खास नहीं रहा. उन्हें साल 1999 में वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे फॉर्मेट में भारत के लिए खेलने का मौका मिला था. इसके बाद उन्हें 10 वनडे मैचों में भारतीय टीम में शामिल किया गया, लेकिन वह अपनी छाप नहीं छोड़ पाए. जैकब 10 मैचों सिर्फ 158 रन ही बना सके. हालांकि, घरेलू क्रिकेट में उनका करियर शानदार रहा. जैकब ने 138 फर्स्ट क्लास मैचों में 9192 रन बनाए. वहीं लिस्ट ए में उन्होंने 101 मैचों में 2948 रन बनाए हैं.
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें