UGC के कानून के विरोध में गले में डाली जंजीरें: रायसेन में सर्व ब्राह्मण समाज ने नारेबाजी की, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन – Raisen News

UGC के कानून के विरोध में गले में डाली जंजीरें:  रायसेन में सर्व ब्राह्मण समाज ने नारेबाजी की, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन – Raisen News




रायसेन में मंगलवार को केंद्र सरकार के विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (उच्च शिक्षा संस्थानों में समता के संवर्धन हेतु) विनियम, UGC 2026 के विरोध में प्रदर्शन किया गया। सर्व ब्राह्मण समाज और करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर नारेबाजी की और एसडीएम कार्यालय तक मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने महामारी चौक स्थित गांधी प्रतिमा के सामने एकत्र होकर अनोखे अंदाज में विरोध जताया। सभी कार्यकर्ताओं ने अपने गले में जंजीर डालकर नारेबाजी करते हुए एसडीएम कार्यालय तक मार्च किया। उन्होंने राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। कानून को तत्काल वापस लेने की मांग
संगठनों ने इस कानून को समाज के एक विशेष वर्ग को प्रभावित करने वाला बताया और इसे तत्काल वापस लेने की मांग की। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि यह विनियम संविधान द्वारा प्रदत्त अभिव्यक्ति के अधिकार (अनुच्छेद 19), संविधान की मूल भावना, शैक्षणिक स्वायत्तता और प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के विरुद्ध है। प्रदर्शनकारियों ने तर्क दिया कि यह विनियम शिक्षा पर नागरिकों के संवैधानिक अधिकार पर अनावश्यक अतिक्रमण कर रहा है। उन्होंने महामहिम राष्ट्रपति से विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (उच्च शिक्षा संस्थानों में समता के संवर्धन हेतु) विनियम, 2026 को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने का विनम्र अनुरोध किया। प्रदर्शन के दौरान जिला विकास समिति के अध्यक्ष हरीश मिश्र और ब्राह्मण समाज रायसेन के अध्यक्ष संघर्ष शर्मा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार इस मुद्दे पर गंभीरता से ध्यान नहीं देती है, तो आगामी 23 मार्च को संपूर्ण हिंदू समाज द्वारा देशव्यापी बड़ा आंदोलन किया जाएगा। एसडीएम रायसेन मनीष शर्मा ने ज्ञापन स्वीकार किया।



Source link