Last Updated:
Shivpuri News: रामखेड़ी गांव के किसान दिनेश रावत ने लोकल 18 से कहा कि उन्होंने इस बार चने की खेती की थी. बुधवार को हुई तेज ओलावृष्टि के चलते उनकी फसल पूरी बर्बाद हो गई.
शिवपुरी. मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. अचानक बदले मौसम ने खेती-किसानी को गहरा नुकसान पहुंचाया है. तेज बारिश के साथ गिरे ओलों ने खेतों में खड़ी रबी की फसलों को बुरी तरह प्रभावित किया, जिससे किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फिर गया. बारिश और ओलावृष्टि के दौरान खेतों में ऐसा नजारा देखने को मिला, मानो चारों तरफ सफेद चादर बिछ गई हो. ओलों की मार से फसलें जमीन पर गिर गईं और कई जगह पूरी तरह नष्ट हो गईं. शिवपुरी जिले में चना, सरसों और गेहूं जैसी प्रमुख फसलों को भारी क्षति हुई है. किसान कटाई से पहले अच्छी पैदावार की उम्मीद लगाए बैठे थे लेकिन मौसम की इस मार ने उनकी उम्मीदों को तोड़ दिया.
रामखेड़ी गांव के किसान दिनेश रावत ने लोकल 18 को बताया कि उन्होंने इस बार चना की खेती की थी. बुधवार को हुई तेज ओलावृष्टि के कारण उनकी पूरी फसल बर्बाद हो गई. खेत में खड़ी चना की फसल ओलों की चोट नहीं सह पाई और पूरी तरह नष्ट हो गई. इसी गांव के किसान संतोष ने बताया कि चना और सरसों की फसलों को काफी नुकसान हुआ है. उन्होंने कहा कि अगर गेहूं की बात करें, तो उसमें भी ओलों और बारिश की वजह से नुकसान हुआ है, जिससे किसानों की चिंता और बढ़ गई है.
बारिश का कहर खासतौर पर शिवपुरी-पोहरी रोड स्थित ग्राम रामखेड़ी और उसके आसपास के इलाकों में देखने को मिला. यहां अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश शुरू हो गई. बारिश के दौरान बड़े आकार के ओले गिरे, जिन्होंने खेतों में खड़ी फसलों को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचाया. कुछ ही देर में हालात ऐसे हो गए कि खेतों की सूरत पूरी तरह बदल गई.
चारों ओर नुकसान ही नुकसान
बारिश थमने के बाद जब किसान अपने खेतों में पहुंचे, तो हर तरफ नुकसान ही नुकसान दिखाई दिया. कई जगह फसलें गिर चुकी थीं, तो कहीं ओलों की वजह से पौधे टूट गए थे. किसानों का कहना है कि इस समय फसलें पककर तैयार हो रही थीं और कटाई के करीब थीं, ऐसे में यह नुकसान उनके लिए बड़ा झटका है.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.