खेलो एमपी यूथ गेम्स 2026 के तहत प्रदेशभर में चल रही राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में युवाओं का जोश और प्रतिस्पर्धा चरम पर है। कबड्डी, हॉकी, बॉक्सिंग, एथलेटिक्स, कयाकिंग-कैनोइंग और कुश्ती सहित कई खेलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। भोपाल के विभिन्न खेल स्थलों पर एक के बाद एक मुकाबलों ने दर्शकों को रोमांचित किया, वहीं पदक तालिका में जिलों के बीच कड़ी होड़ देखने को मिली। कोलार खेल स्टेडियम में गर्ल्स कबड्डी का रीवा बनाम जबलपुर और बॉयज कबड्डी का बालाघाट बनाम नर्मदापुरम मुकाबला खेला गया। मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम में मंडला बनाम धार और शाजापुर बनाम नरसिंहपुर के बीच हॉकी मैच हुए। तात्या टोपे खेल स्टेडियम में बॉक्सिंग, बास्केटबॉल और एथलेटिक्स स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने दमदार खेल दिखाया। दूसरी तरफ इसी सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने बुधवार को भोपाल के प्रमुख खेल स्थलों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया और खिलाड़ियों से सीधे संवाद किया। मंत्री ने कोलार खेल स्टेडियम, मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम और तात्या टोपे खेल स्टेडियम पहुंचकर प्रतियोगिताओं की प्रगति देखी। उन्होंने खिलाड़ियों से आवास, भोजन, आवागमन, चिकित्सा सुविधा और प्रशिक्षण से जुड़ी व्यवस्थाओं पर फीडबैक लिया। कयाकिंग-कैनोइंग में भोपाल के खिलाड़ी चमके भोपाल के लोअर लेक में आयोजित कयाकिंग और कैनोइंग प्रतियोगिता की फाइनल स्पर्धाएं संपन्न हुईं।
K1 बॉयज 1000 मीटर में के. संतोष सिंह (भोपाल) ने स्वर्ण, कोंजेंगबाम सिंह वांगथोई (उज्जैन) ने रजत और प्रिंस भाटी (टीकमगढ़) ने कांस्य पदक जीता।
C1 बॉयज 1000 मीटर में प्रिंस गोस्वामी (भोपाल) स्वर्ण पदक विजेता रहे, जबकि नितेश (भिंड) को रजत और अभय तलियान (टीकमगढ़) को कांस्य पदक मिला। कुश्ती में इंदौर का दबदबा कुश्ती प्रतियोगिता के पहले दिन इंदौर के पहलवानों ने प्रभावी प्रदर्शन करते हुए पदक तालिका में बढ़त बनाई। अनुष्का बौरासी (65 किग्रा) और लक्ष्मी जरिया (50 किग्रा) ने स्वर्ण पदक जीते। वहीं पृथ्वी जोशी (77 किग्रा, ग्रीको-रोमन) और तुषांत जाधव (55 किग्रा, ग्रीको-रोमन) ने कांस्य पदक हासिल किए। इंदौर जिले ने कुल दो स्वर्ण और दो कांस्य पदक अपने नाम किए। अन्य खेलों में भी कड़ी प्रतिस्पर्धा बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, तैराकी और एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में बालक और बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। तैराकी में इंदौर, भोपाल, नीमच, जबलपुर और उज्जैन के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में पदक जीतकर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। नौ संभागों में 28 खेलों की प्रतियोगिताएं खेलो एमपी यूथ गेम्स 2026 के तहत भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन, जबलपुर, नर्मदापुरम, रीवा, सागर और शहडोल संभागों में 28 खेलों की प्रतियोगिताएँ एक साथ आयोजित हो रही हैं। आने वाले दिनों में एथलेटिक्स, कबड्डी, क्रिकेट, शूटिंग, फेंसिंग, ताइक्वांडो, खो-खो और जूडो सहित अन्य खेलों के मुकाबले खेले जाएंगे, जिनसे अगले चरण के लिए खिलाड़ियों का चयन होगा।
Source link