Cheteshwar Pujara: भारत के दिग्गज क्रिकेटर चेतेश्वर पुजारा लंबे समय बाद क्रिकेट मैदान पर लौटे. पिछले साल इंटरनेशनल और भारतीय घरेलू क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद क्रिकेट से दूर थे. इस दौरान वह कमेंट्री करते हुए नजर आए. अब क्रिकेट मैदान पर लौटते ही पुजारा ने तबाही मचा दी. उन्होंने एक टी20 मैच में जोरदार प्रदर्शन किया. हालांकि, वह दुर्भाग्यशाली रहे और अपना शतक पूरा नहीं कर पाए.
पुजारा ने जमकर बरसाए रन
पुजारा गोवा में वर्ल्ड लीजेंड्स प्रो टी20 लीग 2026 के मैच में खेलने उतरे. उन्होंने गुरुग्राम थंडर्स के लिए दुबई रॉयल्स के खिलाफ 99 रनों की जोरदार पारी खेली. 60 गेंदों की पारी में पुजारा के बल्ले से 14 चौके और एक छक्का निकला. उनका स्ट्राइक रेट 165 का रहा. पुजारा की पारी की बावजूद उनकी टीम जीत नहीं पाई. गुरुग्राम थंडर्स को दुबई रॉयल्स ने रोमांचक मैच में 3 रन से हरा दिया.
अंबाती रायुडू और समित पटेल की तूफानी पारी
मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दुबई रॉयल्स की टीम ने 20 ओवरों में 5 विकेट पर 200 रन बनाए. उसके लिए समित पटेल ने 32 गेंदों पर 7 चौके और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 65 रन बनाए. उने अलावा अंबाती रायुडू ने 27 गेंदों पर 45 रन ठोके. उनके बल्ले से 4 चौके और 3 छक्के निकले. परवेज रसूल ने 17 गेंद पर नाबाद 29 और किर्क एडवर्ड्स ने 29 गेंद पर 29 रन बनाए. कप्तान शिखर धवन 3 गेंद पर 5 और यूसुफ पठान 9 गेंद पर 10 रन ही बना सके. गुरुग्राम के लिए स्टुअर्ट ब्रॉड ने 2 विकेट झटके.
ये भी पढ़ें: ICC Rankings: टी20 वर्ल्ड कप से पहले सूर्यकुमार यादव को रैंकिंग का बूस्टर, डायरेक्ट टॉप-10 में मारी एंट्री
पुजारा और परेरा ने की शतकीय साझेदारी
201 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुरुग्राम थंडर्स के 49 रन पर दो विकेट गिर गए. फिल मस्टर्ड 7 और जर्मेन ब्लैकवुड 8 रन बनाकर आउट हो गए. ओपनर पुजारा और कॉलिन डी ग्रैंडहोम ने तीसरे विकेट के लिए 42 रनों की साझेदारी की. ग्रैंडहोम 13 गेंद पर 22 रन बनाकर आउट हो गए. यहां से पुजारा को तिसारा परेरा का साथ मिला और दोनों ने चौथे विकेट के लिए 55 गेंदों पर 106 रन की साझेदारी करके टीम को जीत के दहलीज पर पहुंचा दिया.
ये भी पढ़ें: ये तो बेइज्जती की इंतेहा है… इस छोटे देश ने उड़ाया पाकिस्तान का मजाक, टी20 वर्ल्ड कप में खेलने को तैयार
आखिरी ओवर में नहीं बने 7 रन
पुजारा 20वें ओवर की तीसरी गेंद पर आउट हुए. इसके बाद टीम को जीत के लिए 3 गेंदों पर 4 रन बनाने थे. पीयूष चावरा ने आखिरी गेंद पर चिराग गांधी को आउट कर मैच को समाप्त कर दिया. दुबई रॉयल्स ने आखिरी ओवर में 7 रन बचाकर मैच को जीत लिया. पुजारा 2019 के बाद टी20 क्रिकेट में अपना दूसरा शतक लगाने से चूक गए. वह इस मैच से पहले इस फॉर्मेट में 71 मैच खेले थे. उन्होंने 1 शतक और 9 अर्धशतकों की मदद से 1556 रन बनाए थे.