न्यूजीलैंड के खिलाफ मौजूदा टी20 इंटरनेशनल सीरीज में विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन का खराब प्रदर्शन जारी है. संजू सैमसन ने इस सीरीज के चार मैचों में अभी तक 40 रन ही बनाए हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ बुधवार को चौथे टी20 इंटरनेशनल मैच में संजू सैमसन एक बार फिर फ्लॉप साबित हुए और 15 गेंदों पर 24 रन बनाकर आउट हो गए. संजू सैमसन को लगातार सुनहरे मौके मिल रहे हैं, जिन्हें वह गंवा रहे हैं. संजू सैमसन के बल्लेबाजी में खराब प्रदर्शन से पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुनील गावस्कर नाखुश हैं.
मौकों की जमकर बर्बादी कर रहा टीम इंडिया का ये खिलाड़ी
सुनील गावस्कर ने चौथे T20I मैच में संजू सैमसन के फ्लॉप शो के पास तीखी आलोचना की है. सुनील गावस्कर ने संजू सैमसन की तकनीकी कमियों को बताया है. भारत ने इस मैच में अभिषेक शर्मा (0) और सूर्यकुमार यादव (8) के विकेट जल्दी-जल्दी गंवा दिए थे. ऐसे में संजू सैमसन के पास एक बड़ी पारी खेलकर टीम इंडिया को संभालने का मौका था. संजू सैमसन इसके उलट 15 गेंदों पर सिर्फ 24 रन बनाकर आउट हुए. संजू सैमसन को मिचेल सेंटनर ने क्लीन बोल्ड किया था.
नाराज गावस्कर ने लताड़ा
सुनील गावस्कर ने कमेंट्री करते हुए तुरंत ध्यान दिया कि संजू सैमसन के बाद फुटवर्क की कमी थी. सुनील गावस्कर ने सीधे-सीधे कहा, ‘मेरा पहला इंप्रेशन यह है कि बिल्कुल भी फुटवर्क नहीं था. बहुत पक्का नहीं कह सकता कि कोई टर्न था या नहीं. पहला इंप्रेशन यह था कि वह बस वहीं खड़ा था, जगह बना रहा था और ऑफसाइड में खेल रहा था.’ रिप्ले देखने के बाद सुनील गावस्कर ने अपनी बात दोहराई और उस टेक्निकल गलती के बारे में बताया जो स्पिन के खिलाफ संजू सैमसन को बार-बार नुकसान पहुंचा रही है.
‘पैरों में बिल्कुल भी मूवमेंट नहीं’
सुनील गावस्कर ने कहा, ‘जैसा कि मैंने कहा, पैरों में बिल्कुल भी मूवमेंट नहीं था. लेग-स्टंप के बाहर जा रहे थे, एक बार फिर तीनों स्टंप्स को एक्सपोज कर रहे थे और जब आप मिस करते हैं, तो बॉलर हिट करेगा, और दूसरी बार संजू सैमसन के साथ यही हुआ.’ बता दें कि चौथे T20I मैच में 24 रन की यह पारी संजू सैमसन का इस सीरीज में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर था. इससे पहले संजू सैमसन 10, 6 और 0 रन बनाकर फेल हुए थे, लेकिन इससे उन पर हो रही आलोचना कम नहीं हुई. सीरीज में पहले नंबर 3 पर ईशान किशन के शानदार प्रदर्शन और घर पर T20 वर्ल्ड कप करीब आने के साथ, संजू सैमसन पर प्लेइंग XI में अपनी जगह बनाए रखने का दबाव तेजी से बढ़ रहा है.