Last Updated:
BCCI Reply on head coach Gautam Gambhir sacking rumours: बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने हेड कोच गौतम गंभीर को हटाने की सभी अफवाहों को खारिज करते हुए कहा है कि बोर्ड के पास यह सब फैसले लेने के लिए योग्य लोग मौजूद हैं. एक इंटरव्यू में सैकिया ने कहा कि हर किसी को अपनी राय रखने का हक है, लेकिन इन मामलों पर फैसला लेने के लिए बीसीसीआई के पास योग्य लोग मौजूद हैं.
नई दिल्ली. गौतम गंभीर के कोचिंग कार्यकाल में टीम इंडिया को कुछ ऐसी हार झेलनी पड़ी हैं, जिनके बारे में किसी ने सोचा तक नहीं था. 2024 में न्यूजीलैंड से घरेलू टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप, साउथ अफ्रीका के खिलाफ 2025 में भी यही हाल. इतना ही नहीं, न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में भी हार. यह तीन मौके पहली बार थे, जब इन टीमों ने भारत में आकर उसे ही शिकस्त दे दी. न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में जब टीम इंडिया को हार मिली तो गौतम गंभीर फिर सवालों के घेरे में आ गए. मनोज तिवारी समेत कई क्रिकेट एक्सपर्ट्स ने उन्हें हटाने की मांग कर दी. कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया कि BCCI गंभीर को हटाने की तैयारी में है. इन सभी अफवाहों पर बोर्ड ने चुप्पी तोड़ते हुए बड़ा बयान दिया है.
BCCI ने तोड़ी चुप्पी
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने इन सभी अफवाहों को खारिज कर दिया है. स्पोर्टस्टार को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि लोगों को अपनी निजी राय रखने का पूरा हक है, लेकिन इन मामलों में फैसला लेने के लिए बीसीसीआई के पास अनुभवी और योग्य लोग हैं. सैकिया ने कहा, ‘भारत 140 करोड़ लोगों का देश है और यहां हर कोई खुद को क्रिकेट का एक्सपर्ट समझता है. हर किसी की अपनी राय होती है. यह एक लोकतांत्रिक देश है और हम किसी को बोलने से रोक नहीं सकते. मीडिया समेत सभी राय देने वाले लोग खुलकर अपनी बात रख सकते हैं. आजकल बहुत सी अटकलें लगाई जा रही हैं और पूर्व क्रिकेटर, मौजूदा क्रिकेटर और आम लोग भी अपनी-अपनी राय दे रहे हैं. सोशल मीडिया पर तो ऐसी बातें भरी पड़ी हैं.’
गौतम गंभीर को लेकर BCCI का आया बयान.
BCCI सचिव ने आगे कहा, ‘सच्चाई यह है कि बीसीसीआई में एक क्रिकेट कमेटी है, जिसमें पूर्व क्रिकेटर शामिल हैं. वे पूरी जिम्मेदारी के साथ सभी फैसले लेते हैं. टीम चयन के लिए हमारे पास पांच चयनकर्ता होते हैं, जो पूरी योग्यता के बाद इस पद पर आते हैं. वही लोग चयन से जुड़े फैसले लेते हैं. हर फैसले पर कोई न कोई अलग राय हो सकती है.’ उन्होंने आगे कहा, ‘हम इन सभी रायों को सुनते और समझते हैं, लेकिन आखिरी फैसला हमेशा क्रिकेट कमेटी और चयनकर्ताओं द्वारा ही लिया जाता है.’
मनोज तिवारी ने की हटाने की मांग
पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनोज तिवारी ने कहा था कि अगर सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 नहीं जीत पाती है, तो बीसीसीआई को मुख्य कोच गौतम गंभीर को हटा देना चाहिए. एक इंटरव्यू में मनोज तिवारी ने कहा, ‘अगर गौतम गंभीर टी20 वर्ल्ड कप 2026 नहीं जिता पाते हैं, तो बीसीसीआई को एक बड़ा और मुश्किल फैसला लेना चाहिए’
गौतम गंभीर की कोचिंग में भारतीय टीम ने टी20 क्रिकेट में खुद को दुनिया की सबसे मजबूत टीम के रूप में साबित किया है, लेकिन टेस्ट और वनडे में ऐसा करने में नाकाम रही है. गंभीर के जिम्मा संभालने के बाद भारत ने अब तक सात टी20 सीरीज और टूर्नामेंट खेले हैं और सभी में जीत हासिल की है. इसमें एशिया कप जीत भी शामिल है.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें