पोहरी में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान: पुलिस की मौजूदगी में शिवपुरी-पोहरी मार्ग पर दो दर्जन अवैध कब्जे हटे – Shivpuri News

पोहरी में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान:  पुलिस की मौजूदगी में शिवपुरी-पोहरी मार्ग पर दो दर्जन अवैध कब्जे हटे – Shivpuri News




शिवपुरी जिले के पोहरी नगर में सड़क चौड़ीकरण और निर्माण कार्य के लिए प्रशासन ने गुरुवार को बड़ा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पोहरी के आदेश पर शिवपुरी-पोहरी-कराहल मार्ग पर दो दर्जन से अधिक अवैध कब्जे हटाए गए। यह कार्रवाई सड़क निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर करने और कार्य को गति देने के उद्देश्य से की गई। प्रशासन के मुताबिक, मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम लिमिटेड द्वारा निर्माणाधीन सड़क के मानकों और डीपीआर के अनुरूप कार्य में बाधा की शिकायतें मिली थीं। इसके बाद शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने के लिए संबंधित दुकानदारों और अतिक्रमणकारियों को पहले ही अंतिम चेतावनी नोटिस जारी किए जा चुके थे। अभियान के दौरान, कई स्थानों पर दुकानों के हिस्से हटाए गए, जबकि कुछ जगह चबूतरे और छज्जे तोड़े गए। कुछ अतिक्रमणकारियों को 24 घंटे का समय दिया गया ताकि वे स्वयं अपने कब्जे हटा सकें। मौके पर कुछ दुकानदारों ने विरोध और नोकझोंक की कोशिश की, लेकिन पर्याप्त पुलिस बल की मौजूदगी के कारण स्थिति नियंत्रण में रही। इस अभियान का नेतृत्व एसडीएम अनुपम शर्मा ने किया। इस दौरान तहसीलदार-नायब तहसीलदार लज्जाराम राजोरिया, निशा भारद्वाज, सुनील यादव, थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह कुशवाह और एसडीओपी आनंद राय सहित राजस्व विभाग, पुलिस और नगर परिषद का अमला मौजूद रहा। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए नगर परिषद और स्वास्थ्य विभाग के साथ पहले ही समन्वय स्थापित कर लिया गया था। मौके पर एम्बुलेंस और अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई थी।



Source link