Last Updated:
Falgun Month Upay: आचार्य आनंद भारद्वाज ने लोकल 18 से कहा कि फाल्गुन माह को दान-पुण्य के लिए भी उत्तम माह माना गया है. इस मास में महाशिवरात्रि, होली और विजया एकादशी जैसे प्रमुख व्रत और त्योहार आते हैं.
उज्जैन. हिंदू सनातन परंपरा में फाल्गुन माह को अत्यंत पुण्यदायी और फलदायी माना गया है. इस पवित्र मास में महाशिवरात्रि और होली जैसे प्रमुख पर्व आते हैं, जो इसे विशेष बनाते हैं. पंचांग के अनुसार, फाल्गुन हिंदू वर्ष का अंतिम महीना होता है, जिसकी शुरुआत माघ पूर्णिमा के बाद से होती है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, यह महीना भगवान श्रीकृष्ण को अर्पित होता है. माना जाता है कि फाल्गुन मास में श्रद्धा और विधि-विधान से किए गए उपाय जीवन में आ रही बाधाओं को दूर करने में सहायक होते हैं. उज्जैन के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य आनंद भारद्वाज से जानते हैं कि फाल्गुन माह में कौन-कौन से उपाय अपनाने से सुख-समृद्धि और शांति प्राप्त की जा सकती है.
हिंदू पंचांग के अनुसार, फाल्गुन मास माघ पूर्णिमा के अगले दिन से शुरू होता है. साल 2026 में फाल्गुन माह की शुरुआत 02 फरवरी से हो रही है और यह 03 मार्च तक रहेगा. इस दौरान प्रकृति में भी बदलाव देखने को मिलता है और धार्मिक दृष्टि से यह समय बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है.
फाल्गुन मास में दान का महत्व
आचार्य आनंद भारद्वाज ने कहा कि फाल्गुन माह को दान-पुण्य के लिए भी उत्तम माना गया है. इस महीने महाशिवरात्रि, होली और विजया एकादशी जैसे प्रमुख व्रत-त्योहार आते हैं. महाशिवरात्रि भगवान शिव की आराधना का पर्व है जबकि होली आनंद और प्रेम का प्रतीक है. धार्मिक मान्यता है कि इस माह में दान का विशेष महत्व है. इस माह में जरूरतमंदों को अपनी योग्यता के अनुसार शुद्ध घी, सरसों का तेल, मौसमी फल, अनाज, वस्त्र आदि का दान करना चाहिए. ऐसा करने से पुण्य की प्राप्ति होती है.
फाल्गुन माह के उपाय
उन्होंने कहा कि आज के समय में कई लोग विवाह से जुड़ी अड़चनों का सामना कर रहे हैं. ऐसे में फाल्गुन मास में एक विशेष उपाय अत्यंत लाभकारी माना गया है. इस माह के दौरान केवड़े के सुगंधित फूल से निर्मित इत्र को स्नान के जल में मिलाकर स्नान करें और उसी इत्र को श्रद्धा भाव से भगवान श्रीकृष्ण को अर्पित करें. ऐसा करने से श्रीकृष्ण की विशेष कृपा प्राप्त होती है और विवाह से जुड़े अवरोध दूर होने लगते हैं. साथ ही शीघ्र ही अच्छे रिश्तों के योग भी बनने लगते हैं.
दूर होंगी वैवाहिक जीवन की समस्याएं
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, फाल्गुन माह में भगवान श्रीकृष्ण को चमेली और पीले रंग के फूल अर्पित करने से वैवाहिक जीवन में आ रही समस्याएं दूर होती हैं. घर में सुख शांति बनी रहती है. फाल्गुन में चंद्रमा का जन्म हुआ था. इस पूरे महीने चांद की रोशनी में बैठकर चंद्रदेव के मंत्र ‘ऊं सों सोमाय नम:’ का 108 बार जाप करें. दूध और दही का दान करें. ये उपाय स्वास्थ्य लाभ पहुंचाता है.
शाम को जरूर करें माता लक्ष्मी की पूजा
फाल्गुन माह में माता लक्ष्मी की पूजा शाम के समय जरूर करें. साथ ही उन्हें खीर का भोग लगाएं. इसके अलावा माता लक्ष्मी के इस मंत्र ‘ऊँ श्रीं क्लीं महालक्ष्मी महालक्ष्मी एह्येहि सर्व सौभाग्यं देहि मे स्वाहा’ का जाप करें और उनका ध्यान करें. ऐसा करने से पैसों की तंगी दूर होगी. यदि दांपत्य जीवन में प्रेम की कमी महसूस हो रही है और पति-पत्नी के बीच तालमेल बिगड़ गया है, तो फाल्गुन मास में भगवान श्रीकृष्ण को श्रद्धा पूर्वक मोरपंख अर्पित करना शुभ माना जाता है. मान्यता है कि इससे रिश्तों में मधुरता लौटती है और आपसी समझ मजबूत होती है.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.
Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी, राशि-धर्म और शास्त्रों के आधार पर ज्योतिषाचार्य और आचार्यों से बात करके लिखी गई है. किसी भी घटना-दुर्घटना या लाभ-हानि महज संयोग है. ज्योतिषाचार्यों की जानकारी सर्वहित में है. बताई गई किसी भी बात का Local-18 व्यक्तिगत समर्थन नहीं करता है.