IND vs NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ विशाखापत्तनम में बुधवार को खेले गए चौथे टी20 इंटरनेशनल मैच में भारत को 50 रन से हार का सामना करना पड़ा है. इस मैच में भारत के दो खतरनाक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और सूर्यकुमार यादव बुरी तरह फ्लॉप साबित हुए हैं. अभिषेक शर्मा को मैट हेनरी ने अपना शिकार बनाया. मैट हेनरी की पहली ही गेंद पर अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए. कुछ ही देर बाद भारत ने सूर्यकुमार यादव के रूप में अपना दूसरा विकेट गंवा दिया. सूर्यकुमार यादव 8 गेंदों पर 8 रन बनाकर आउट हुए.
अभिषेक-सूर्या के फेल होते ही हारा भारत
भारतीय टीम न्यूजीलैंड के दिए 216 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही थी. बड़े टारगेट का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने 9 रन के स्कोर पर ही अपने 2 विकेट गंवा दिए थे. अभिषेक शर्मा और सूर्यकुमार यादव के आउट होने के बाद टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने थोड़ा बहुत संघर्ष किया, लेकिन भारत की पारी 18.4 ओवर में 165 रन पर सिमट गई. शिवम दुबे और रिंकू सिंह को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज 25 रन का आंकड़ा पार नहीं कर पाया. शिवम दुबे ने 23 गेंदों पर 65 रन बनाए और रिंकू सिंह ने 30 गेंदों पर 39 रनों की पारी खेली. टीम इंडिया इसके बावजूद यह मैच 50 रन से हार गई.
टी20 वर्ल्ड कप से पहले बड़ी कमजोरी हुई उजागर
टीम इंडिया अभिषेक शर्मा और सूर्यकुमार यादव पर बहुत हद तक निर्भर करती है. इसका एक उदाहरण हमें चौथे टी20 इंटरनेशनल मैच के दौरान देखने को मिला है. अभिषेक शर्मा और सूर्यकुमार यादव जल्दी आउट हुए तो बाकी के भारतीय बल्लेबाज टीम इंडिया को 216 रन का टारगेट चेज करवाने में नाकाम साबित हुए. विशाखापत्तनम में खेले गए चौथे टी20 इंटरनेशनल मैच में अभिषेक शर्मा और सूर्यकुमार यादव के फ्लॉप होते ही भारतीय टीम ने मैच गंवा दिया, जो टी20 वर्ल्ड कप से पहले खतरे के संकेत हैं. टी20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े मंच पर सफल होने के लिए अभिषेक शर्मा और सूर्यकुमार यादव को छोड़कर बाकी के भारतीय बल्लेबाजों को भी जिम्मेदारी लेनी होगी.
बड़े ब्लंडर से बचना होगा
अभिषेक शर्मा और सूर्यकुमार यादव के अलावा टीम इंडिया के बाकी बल्लेबाजों को टी20 वर्ल्ड कप 2026 टूर्नामेंट के दौरान खूब रन बनाने होंगे. न्यूजीलैंड के खिलाफ मौजूदा टी20 इंटरनेशनल सीरीज में अभी तक सूर्यकुमार यादव ने 4 मैचों में 89.50 की औसत से सबसे ज्यादा 179 रन बनाए हैं. सूर्यकुमार यादव ने इस दौरान दो अर्धशतक ठोके हैं. वहीं, अभिषेक शर्मा ने 4 मैचों में 50.67 की औसत से 152 रन ठोके हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ मौजूदा टी20 इंटरनेशनल सीरीज में अभी तक अभिषेक शर्मा ने भी दो अर्धशतक जमाए हैं. ऐसे में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान इन दोनों ही बल्लेबाजों पर बड़ी जिम्मेदारी होगी. हालांकि बाकी के खिलाड़ी भी अगर अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो टी20 वर्ल्ड कप के दौरान टीम इंडिया खिताब जीतने में जरूर सफल होगी.