अरुण यादव ने दूषित जल आपूर्ति पर सरकार को घेरा: बोले- प्रदेश का हर वर्ग परेशान; मुख्यमंत्री जिम्मेदार – shajapur (MP) News

अरुण यादव ने दूषित जल आपूर्ति पर सरकार को घेरा:  बोले- प्रदेश का हर वर्ग परेशान; मुख्यमंत्री जिम्मेदार – shajapur (MP) News




मध्यप्रदेश के पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव शुक्रवार दोपहर शाजापुर पहुंचे। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष जयंत सिकरवार के निवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। यादव ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश का हर वर्ग परेशान है। किसान, युवा, व्यापारी और कर्मचारी सभी सरकार की नीतियों से त्रस्त हैं। उन्होंने इंदौर में दूषित जल आपूर्ति से हुई घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और इसकी जिम्मेदारी सीधे तौर पर मुख्यमंत्री मोहन यादव तथा मंत्री कैलाश विजयवर्गीय पर डाली। उन्होंने आरोप लगाया कि इतनी बड़ी घटना के बाद भी सरकार जिम्मेदारी लेने से बच रही है। सहकारी समितियों के नहीं हो चुनाव सहकारी समितियों के चुनाव को लेकर अरुण यादव ने कहा कि प्रदेश में लंबे समय से चुनाव नहीं कराए जा रहे हैं, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर चुनाव टाल रही है ताकि अपने लोगों को फायदा पहुंचाया जा सके। यूजीसी से जुड़े मुद्दे पर उन्होंने बताया कि यह मामला फिलहाल सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है। कांग्रेस इस पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि न्यायपालिका इस विषय में उचित निर्णय देगी। राज्यसभा के दावेदार नहीं राज्यसभा को लेकर पूछे गए सवाल पर अरुण यादव ने कहा कि दिग्विजय सिंह के सीट खाली करने और नए दावेदार का निर्णय उनके नियंत्रण से बाहर है। जब उनसे पूछा गया कि क्या वे स्वयं दावेदार हैं, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए स्पष्ट किया कि वे किसी भी तरह के दावेदार नहीं हैं। पत्रकार वार्ता के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।



Source link