Jabalpur Weather Today: जबलपुर में मौसम के अचानक बदले मिजाज ने लोगों को फिर से ठंड का एहसास करा दिया है. दिन में कभी तेज धूप निकल रही है तो कभी बादलों की आवाजाही बनी हुई है, वहीं उत्तर दिशा से आ रही ठंडी हवाएं सिहरन बढ़ा रही हैं. खासतौर पर सुबह और शाम के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है. रात के तापमान में भी लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को फिर से गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है.
तापमान में आई गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों में जबलपुर का अधिकतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. ठंडी हवाओं के कारण खुले इलाकों में ठिठुरन बढ़ गई है. सुबह के समय लोग स्वेटर, जैकेट और शॉल में नजर आ रहे हैं, वहीं दोपहिया वाहन चालकों को ठंड का सबसे ज्यादा असर झेलना पड़ रहा है.
संभाग में हल्की बारिश की संभावना
गौरतलब है कि बुधवार को जबलपुर जिले में हल्की बारिश दर्ज की गई थी. गुरुवार को मौसम मिला-जुला रहा सुबह कोहरा छाया रहा, दोपहर में धूप और बादल दोनों दिखाई दिए, जबकि शाम के समय मौसम सुहाना रहा. लेकिन रात होते ही ठंडी हवाओं ने फिर से कंपकंपी बढ़ा दी.
मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ों में हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों में दिखने लगा है. इसका असर कटनी, मंडला, नरसिंहपुर समेत पूरे जबलपुर संभाग में देखने को मिल रहा है. अगले तीन दिनों में हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है.
पश्चिमी विक्षोभ से बदला मिजाज
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के असर और उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं के कारण तापमान में उतार-चढ़ाव बना हुआ है. दिन में धूप निकलने से कुछ देर के लिए राहत जरूर मिल रही है, लेकिन शाम ढलते ही ठंड फिर अपना असर दिखा रही है.
आने वाले चार से पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट हो सकती है, जिससे ठंड का असर और तेज होने की संभावना है.
वायरल फीवर का खतरा
मौसम में बार-बार हो रहे बदलाव को देखते हुए डॉक्टरों ने भी सतर्क रहने की सलाह दी है. ठंड, धूप और नमी के कारण सर्दी-खांसी, जुकाम और वायरल फीवर का खतरा बढ़ सकता है. विशेषज्ञों का कहना है कि गर्म कपड़े पहनें, ठंडे पानी से बचें और इम्युनिटी बढ़ाने वाले खानपान पर ध्यान दें. फिलहाल जबलपुर में मौसम की यह आंख-मिचौली जारी है और लोगों को आने वाले दिनों में ठंड व बारिश दोनों के लिए तैयार रहना होगा.