स्पोर्ट्स डेस्क2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
गुजरात प्लेऑफ में पहुंचने वाली दूसरी ही टीम बनीं।
गुजरात जायंट्स (GG) ने विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) के एलिमिनेटर में एंट्री कर ली है। टीम ने WPL इतिहास में पहली बार मुंबई इंडियंस को हराया और नॉकआउट राउंड में एंट्री की। वडोदरा में शुक्रवार को गुजरात ने 11 रन से मुकाबला जीता। टीम से लेग स्पिनर जॉर्जिया वेयरहम ने बैटिंग में 44 रन बनाने के बाद गेंदबाजी में 2 विकेट भी लिए।
गार्डनर-वेयरहम ने बड़े स्कोर तक पहुंचाया कोटाम्बी स्टेडियम में गुजरात ने बैटिंग चुनी। टीम ने तीसरे ओवर में बेथ मूनी का विकेट गंवा दिया, वे 5 रन ही बना सकीं। सोफी डिवाइन ने फिर अनुष्का शर्मा के साथ टीम को 50 के पार पहुंचाया। अनुष्का 33 और डिवाइन 25 रन बनाकर आउट हुईं।
कप्तान एश्ले गार्डनर ने फिर जॉर्जिया वेयरहम के साथ टीम को 167 तक पहुंच दिया। गार्डनर ने 46 और वेयरहम ने 44 रन बनाए। मुंबई से अमीलिया कर ने 2 विकेट लिए। शबनिम इस्माइल और नैट सिवर-ब्रंट को 1-1 विकेट मिला।

सोफी डिवाइन और अनुष्का शर्मा ने गुजरात को 50 रन के पार पहुंचाया।
मुंबई की खराब शुरुआत 168 रन के टारगेट के सामने मुंबई ने 37 रन पर 3 विकेट गंवा दिए। हैली मैथ्यूज 6, नैट सिवर-ब्रंट 2 और सजीवन साजना 26 रन बनाकर आउट हो गईं। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने फिर अमीलिया कर के साथ टीम को 80 के पार पहुंचाया। अमीलिया 20 रन बनाकर आउट हुईं। उनके बाद अमनजोत कौर 13 और संस्कृति गुप्ता खाता खोले बगैर आउट हो गईं।
हरमन ने फिफ्टी लगाकर टीम को जीत दिलाने की कोशिश की, लेकिन वे कामयाब नहीं हो सकीं। कप्तान 82 रन बनाकर नॉटआउट रहीं और टीम ने 11 रन से मुकाबला गंवा दिया। गुजरात से सोफी डिवाइन और वेयरहम ने 2-2 विकेट लिए। काशवी गौतम, एश्ले गार्डनर और राजेश्वरी गायकवाड को 1-1 विकेट मिला।

हरमनप्रीत कौर ने 82 रन बनाए, लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सकीं।
गुजरात की मुंबई पर पहली जीत मुंबई और गुजरात के बीच अब तक 8 मैच हुए थे, सभी में मुंबई ने ही बाजी मारी थी। गुजरात को 9वें मुकाबले में सफलता मिली और टीम ने इतिहास पलटकर प्लेऑफ में भी एंट्री कर ली। अब मुंबई की प्लेऑफ उम्मीदें यूपी वॉरियर्ज की जीत पर टिकी हैं।

गुजरात की मुंबई पर पहली जीत में सोफी डिवाइन ने 2 विकेट लिए।
एलिमिनेटर में पहुंची गुजरात गुजरात जायंट्स ने ग्रुप स्टेज में अपना आखिरी मैच जीतकर एलिमनेटर में एंट्री कर ली। टीम ने 8 में से 5 मुकाबले जीते और 3 गंवाए। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 6 मैच जीतकर सीधे फाइनल में पहुंची। अब एलिमिनेटर की आखिरी टीम का फैसला 1 फरवरी को दिल्ली और यूपी के बीच होने वाले मैच से होगा।
अगर दिल्ली ने आखिरी मैच जीत लिया तो टीम एलिमिनेटर में गुजरात से भिड़ेगी। अगर यूपी जीती तो उन्हें अपना रन रेट मुंबई से बेहतर रखना होगा, तभी टीम एलिमिनेटर में जाएगी। अगर आखिरी मैच जीतकर भी यूपी का रन रेट खराब रहा तो मुंबई की टीम एलिमिनेटर में पहुंच जाएगी।