इंग्लैंड के दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ने इतिहास रच दिया है. जोस बटलर अब इंग्लैंड के सफल क्रिकेटर बन गए हैं और उन्होंने जेम्स एंडरसन के एक महान रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है. जोस बटलर ने इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच खेलने के मामले में दिग्गज तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है और रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया है. जेम्स एंडरसन ने साल 2002 से साल 2024 तक सभी फॉर्मेट्स में इंग्लैंड के लिए 401 मैच खेले थे, जबकि पल्लेकेले में इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच चल रही तीन मैचों की सीरीज का पहला T20I बटलर का इंग्लिश टीम के लिए 401वां मैच था.
बटलर ने रचा इतिहास
जोस बटलर ने इंग्लिश टीम के लिए 57 टेस्ट, 199 वनडे और 145 T20I मैच खेले हैं. वह इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच खेलने वाले खिलाड़ी होने के साथ-साथ T20I फॉर्मेट में अपने देश के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले क्रिकेटर भी हैं. इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच खेलने वाले क्रिकेटरों की लिस्ट में जेम्स एंडरसन और जोस बटलर के बाद जो रूट, इयोन मॉर्गन और स्टुअर्ट ब्रॉड का नंबर आता है, जिन्होंने क्रमशः 384, 356 और 344 मैच खेले हैं.
अब दूसरे T20I में महारिकॉर्ड बनाने का मौका
अगर इंग्लैंड रविवार (1 फरवरी) को श्रीलंका के खिलाफ दूसरे T20I मैच के लिए अपनी प्लेइंग XI में जोस बटलर को शामिल करते हैं, तो वह इंटरनेशनल क्रिकेट में इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे. दुनिया में सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच खेलने का वर्ल्ड रिकॉर्ड भारत के सचिन तेंदुलकर के नाम है. सचिन तेंदुलकर ने 1989 से लेकर 2013 तक भारत के लिए 664 मैच खेले हैं और 201 विकेट लेने के अलावा कुल 34,357 रन बनाए हैं.
इंग्लैंड ने श्रीलंका को 11 रन से हराया
शुक्रवार को बारिश से प्रभावित पहले T20I मैच में इंग्लैंड ने श्रीलंका को 11 रनों से (DLS मेथड से) हरा दिया. 17 ओवर प्रति साइड के इस मैच में, इंग्लैंड ने श्रीलंका को 16.2 ओवर में 133 रनों पर ऑल आउट कर दिया और फिर 15 ओवर में चार विकेट खोकर 125 रन बनाए, जब मैच फिर से रुक गया. मेहमान टीम के लिए फिल साल्ट ने 35 गेंदों में 46 रन और टॉम बैंटन ने 15 गेंदों में 29 रन बनाए. इससे पहले पहले हाफ में, सैम करन और आदिल राशिद ने तीन-तीन विकेट लिए, और श्रीलंका के दो-दो बल्लेबाजों को लियाम डॉसन और जेमी ओवरटन ने पवेलियन भेजा.