‘डांसिंग कॉप’ जिसे गूगल भी सलाम करता है! 22 साल से माइकल जैक्सन बनकर ट्रैफिक संभाल रहा ये सिपाही

‘डांसिंग कॉप’ जिसे गूगल भी सलाम करता है! 22 साल से माइकल जैक्सन बनकर ट्रैफिक संभाल रहा ये सिपाही


Indore Road Safety News: अगर आप गूगल पर Dancing Cop या Traffic Singham सर्च करें, तो एक तस्वीर ज़रूर सामने आती है सफेद शर्ट, नीली पैंट, टोपी, चश्मा और लंबे कद का एक सिपाही, जो चौराहे पर डांस करते हुए ट्रैफिक संभाल रहा है. ये कोई फिल्मी सीन नहीं, बल्कि असल ज़िंदगी के हीरो रंजीत सिंह हैं, जो पिछले 22 सालों से माइकल जैक्सन की स्टाइल में सड़क सुरक्षा का संदेश दे रहे हैं.

सड़क ही स्टेज है, ट्रैफिक का शोर ही म्यूजिक
रंजीत सिंह कहते हैं, “चौराहे पर बजने वाला शोर मेरे लिए म्यूजिक है और सड़क मेरा प्लेटफॉर्म.” वे अपनी ड्यूटी के दौरान बिना रुके कई-कई घंटे डांस करते हुए ट्रैफिक कंट्रोल करते हैं. उनका मानना है कि जब लोग देखकर रुकते हैं, मुस्कुराते हैं और नियम मानते हैं, तो वही उनकी सबसे बड़ी जीत है.

एक हादसा जिसने जिंदगी की दिशा बदल दी
रंजीत बताते हैं कि सड़क पर डांस की शुरुआत किसी शौक से नहीं, बल्कि एक दर्दनाक हादसे से हुई. उनके एक करीबी दोस्त की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी. उस गुस्से और दुख को वे अंदर ही अंदर दबाए हुए थे. एक दिन ड्यूटी के दौरान चौराहे पर टहलते हुए हाथ-पैर हिलाने लगे. तभी उनके अधिकारी ने कहा कि तुम्हारे ऐसा करने से लोग रुक रहे हैं और सिग्नल फॉलो कर रहे हैं.” उसी दिन उन्होंने तय कर लिया कि अगर इससे जान बच सकती है, तो वे इसे जारी रखेंगे.

डांस बना जागरूकता का हथियार
डांस का शौक पहले से था, तो उन्होंने ट्रैफिक ड्यूटी को ही डांसिंग वॉक में बदल दिया. माइकल जैक्सन स्टाइल में जब वे सिग्नल पर खड़े हुए, तो असर चौंकाने वाला था. जो लोग पहले सिग्नल तोड़ देते थे, वे सिग्नल खुलने के बाद भी रुककर डांस देखने लगे. धीरे-धीरे लोग खुद ही नियम मानने लगे.

पागल कहा गया, नशेड़ी बताया… पर रुके नहीं
शुरुआत में लोगों ने मजाक उड़ाया कोई पागल बोला, कोई कहा ज्यादा दिन नहीं चलेगा, किसी ने नशे में होने तक का आरोप लगाया. लेकिन रंजीत सिंह ने किसी की नहीं सुनी. उनका फोकस सिर्फ एक बात पर था लोगों को सुरक्षित रखना. आज 22 साल बाद भी उनमें वही जोश है.

जब अमिताभ बच्चन ने कहा मैं आपका फैन हूं
रंजीत बताते हैं कि उनकी जिंदगी का सबसे यादगार पल तब आया, जब वे कौन बनेगा करोड़पति में पहुंचे और महानायक अमिताभ बच्चन ने कहा कि वे उनके फैन हैं और उनके वीडियो देखते हैं. इसके अलावा वे कपिल शर्मा शो समेत कई टीवी कार्यक्रमों में भी नजर आ चुके हैं.

खतरा भी है, लेकिन मकसद बड़ा है
चौराहे पर डांस करते समय कई बार गाड़ियां बेहद करीब से निकल जाती हैं. रिस्क हमेशा रहता है, लेकिन रंजीत कहते हैं कि बिना जोखिम के बड़ा काम नहीं होता.” अगर इससे सड़क हादसे कम हो रहे हैं, तो उन्हें कोई डर नहीं.

सोशल मीडिया से भी फैला रहे जागरूकता
आज रंजीत सिंह सड़क सुरक्षा का जाना-पहचाना नाम हैं. सोशल मीडिया पर उनके लाखों फॉलोअर्स हैं, जहां वे लगातार लोगों से ट्रैफिक नियम मानने की अपील करते हैं. उनका बस एक ही सपना है कोई भी सड़क पर बेवजह अपनी जान न गंवाए.



Source link