Suryakumar Yadav: न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच में सूर्यकुमार यादव ने इतिहास रच दिया. सूर्या ने बैटिंग की चमक से बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है. तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में भारतीय कप्तान ने 30 गेंदों पर 63 रनों की शानदार पारी खेली. इस दौरान उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में अपने 3000 रन भी पूरे कर लिए. इस मुकाम पर पहुंचते ही सूर्या ने इंग्लैंड के धुरंधर बल्लेबाज जोस बटलर को पीछे छोड़ दिया.
सूर्यकुमार यादव T20I में गेंद के हिसाब से सबसे तेज 3000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने 1822 गेंदों में ये कारनामा किया, जबकि इंग्लैंड के जोस बटलर ने 2068 गेंद में 3000 रन का आंकड़ा छुआ था. सूर्या ने इस मैच में बटलर के साथ-साथ पूर्व भारतीय T20I खिलाड़ी विराट कोहली का भी बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया.
सबसे तेज 3 हजारी बने सूर्या
टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज 3000 रन बनाने के मामले में सूर्यकुमार यादव अब टॉप पर पहुंच गए हैं. दूसरे पर जोस बटलर और तीसरे पर ऐरोन फिंच हैं. वहीं, सूर्या से पहले बतौर भारतीय ये रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम था, जिन्होंने 2149 गेंदों में 3000 रन का आंकड़ा पार किया था.
T20I में 3000 रन बनाने के लिए सबसे कम गेंदें
1822 – सूर्यकुमार (भारत)
2068 – जोस बटलर (इंग्लैंड)
2078 – आरोन फिंच (ऑस्ट्रेलिया)
2113 – डेविड वार्नर (ऑस्ट्रेलिया)
2149 – रोहित शर्मा (भारत)
2169 – विराट कोहली (भारत)
2203 – मार्टिन गुप्टिल (न्यूजीलैंड)
2226 – पॉल स्टर्लिंग (आयरलैंड)
2317 – बाबर आजम (पाकिस्तान)
2349 – मोहम्मद रिजवान (पाकिस्तान)
सूर्या ने तोड़ा कोहली का बड़ा रिकॉर्ड
न्यूजीलैंड के खिलाफ 5वें T20I में 63 रनों की तूफानी पारी खेलकर सूर्यकुमार यादव ने स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के बड़े रिकॉर्ड को तोड़ दिया. सूर्या अब बतौर भारतीय कप्तान किसी T20I सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. इस सीरीज में उन्होंने 242 रन बनाए हैं. इससे पहले ये रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम था, जिन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 2021 में 231 रन बनाए थे. इस मैच में ईशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी की और अपने T20I करियर का पहला शतक जड़ा. नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए ईशान ने 49 गेंदों पर 103 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली. भारत ने निर्धारित 20 ओवरों में 271 रनों का पहाड़ खड़ा किया.
ये भी पढ़ें: IND vs NZ: टी20 वर्ल्ड कप से पहले प्लेइंग XI ने उड़ाए होश, 7 बड़े बदलाव, इन खिलाड़ियों को मिला मौका