बहाल होते फिर शराब के नशे में स्कूल पहुंचे हेडमास्टर: सतना में 2 महीने पहले सड़क किनारे पड़े मिलने पर किए गए थे निलंबित – Satna News

बहाल होते फिर शराब के नशे में स्कूल पहुंचे हेडमास्टर:  सतना में 2 महीने पहले सड़क किनारे पड़े मिलने पर किए गए थे निलंबित – Satna News




सतना जिले के उचेहरा विकासखंड अंतर्गत परसमनिया पहाड़ी स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक स्कूल कुरेही के हेडमास्टर जयपाल दिनकर एक बार फिर विवादों में हैं। बहाली के तुरंत बाद ही उनका शराब के नशे में स्कूल पहुंचने का एक वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह वीडियो शुक्रवार का बताया जा रहा है, जो शनिवार शाम को सामने आया। वीडियो में प्रधानाध्यापक नशे की हालत में अन्य शिक्षकों से बहस करते दिख रहे हैं। उनकी लड़खड़ाती जुबान और असंतुलित व्यवहार से उनकी नशे की स्थिति स्पष्ट होती है। हेडमास्टर दिनकर को 25 नवंबर 2025 को भी नशे में धुत होकर सड़क पर बेसुध पड़े रहने के एक वीडियो के वायरल होने के बाद निलंबित किया गया था। तत्कालीन जिला शिक्षा अधिकारी ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई की थी। शिक्षकों के साथ बहस भी की
हाल ही में उन्हें बहाल कर पुनः उसी विद्यालय का प्रभार सौंपा गया था। बहाली के बाद उनसे अनुशासन और जिम्मेदारी की अपेक्षा थी, लेकिन इस ताजा घटना ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रभार लेने के दौरान जयपाल दिनकर ने नशे की हालत में विद्यालय पहुंचकर न केवल अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया, बल्कि शिक्षकों के साथ बहस भी की। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो किसी ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। लगातार सामने आ रही इस तरह की घटनाओं से शिक्षा विभाग की निगरानी व्यवस्था और अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रभावशीलता पर प्रश्नचिह्न लग गया है। अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों में भी इस बात को लेकर नाराजगी है कि जिस व्यक्ति पर पहले ही गंभीर आरोप लग चुके हों, उसे दोबारा उसी स्कूल का प्रभार क्यों दिया गया। फिलहाल इस घटना को लेकर जिम्मेदारों की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है।



Source link