भारत का एक धाकड़ क्रिकेटर ऐसा है, जिसने एक बार बिना कोई लीगल गेंद फेंके विकेट चटकाने का कमाल कर दिखाया था. इस महान क्रिकेटर के नाम क्रिकेट का ये सबसे अनोखा रिकॉर्ड दर्ज है, जो आज तक दुनिया में कोई भी दूसरा खिलाड़ी नहीं बना पाया है. बता दें कि किसी भी गेंदबाज के लिए 0 गेंद पर विकेट चटकाने के बारे में सोचना भी मुश्किल है, लेकिन भारत का एक क्रिकेटर ये असंभव जैसा महारिकॉर्ड बना चुका है.
बिना कोई लीगल गेंद फेंके खाते में जुड़ गया 1 विकेट
भारत के महान क्रिकेटर विराट कोहली कोई स्पेशलिस्ट गेंदबाज नहीं हैं, लेकिन फिर भी उनके नाम एक ऐसा वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज है, जो दुनिया के किसी भी क्रिकेटर के नाम नहीं है. विराट कोहली ने 31 अगस्त 2011 को इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में खेले गए टी20 इंटरनेशनल मैच में 0 गेंद पर विकेट चटका दिया. आसान भाषा में समझें तो विराट कोहली ने बिना कोई लीगल गेंद फेंके विकेट चटका दिया.
भारत के इस क्रिकेटर ने किया सबसे बड़ा ‘अजूबा’
इस टी20 इंटरनेशनल मैच में तत्कालीन कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने खतरनाक चाल चलते हुए मीडियम पेसर विराट कोहली को इंग्लैंड की पारी का सातवां ओवर फेंकने के लिए बुलाया. स्ट्राइक पर उस दौरान इंग्लैंड के विस्फोटक बल्लेबाज केविन पीटरसन मौजूद थे. शातिर विराट कोहली ने केविन पीटरसन को चकमा देने के लिए यह गेंद वाइड फेंकी. विराट कोहली की इस वाइड गेंद पर केविन पीटरसन शॉट खेलने के लिए अपनी क्रीज से बाहर स्टेप आउट कर गए और बल्ला कनेक्ट करने से चूक गए. तभी विकेट के पीछे खड़े महेंद्र सिंह धोनी ने केविन पीटरसन को स्टंप कर दिया.
अंपायर ने लिया बड़ा फैसला
केविन पीटरसन 33 रन बनाकर आउट जरूर हो गए, लेकिन अंपायर ने विराट कोहली की इस गेंद को वाइड बॉल करार दे दिया. इस तरह विराट कोहली ने बिना कोई लीगल गेंद फेंके एक विकेट हासिल कर लिया. केविन पीटरसन का विकेट लेने के बाद विराट कोहली का बॉलिंग फिगर 0 गेंद पर.. 0 रन देकर.. 1 विकेट था. पिछले 15 साल से इस वर्ल्ड रिकॉर्ड को दुनिया में कोई भी क्रिकेटर नहीं तोड़ पाया है. बता दें कि विराट कोहली कोई स्पेशलिस्ट गेंदबाज नहीं हैं, लेकिन उनके नाम वनडे इंटरनेशनल में 5 विकेट और टी20 इंटरनेशनल में 4 विकेट लेने का रिकॉर्ड दर्ज है. विराट कोहली ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 28215 रन बनाए हैं, जिसमें 85 शतक शामिल हैं. विराट कोहली अब केवल वनडे इंटरनेशनल में ही खेलते हैं, जबकि टी20 इंटरनेशनल और टेस्ट क्रिकेट से वह संन्यास ले चुके हैं.