IND vs NZ: भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5वें टी20 में रोमांच का ट्रिपल डोज देखने को मिला. भारतीय टीम के बल्लेबाजों ने मेहमानों के छक्के छुड़ा डाले. टीम इंडिया की तरफ चौको-छक्कों की बारिश देखने को मिली. नायक रहे ईशान किशन जिन्होंने अपने कमबैक की गूंज टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले दुनियाभर में फैला दी है. ईशान किशन ने ताबड़तोड़ शतक ठोका जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव भी पुराने टच में लौट चुके हैं और तीसरी फिफ्टी जमाकर सीरीज के टॉप रन स्कोरर रहे. टीम इंडिया ने इस मुकाबले में रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया. लेकिन एक पॉवर हिट से 1 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त होते-होते बचा.
टीम इंडिया की धुआंधार बैटिंग
भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा उतरते ही भूखे शेर की तरह गेंदबाजों पर हावी हो गए. अभिषेक ने पहले ओवर में 14 रन ठोके और महज 15 गेंद में 30 रन बनाकर आउट भी हो गए. संजू सैमसन का फ्लॉप शो बरकरार रहा. ओपनर्स के विकेट के बाद स्कोरबोर्ड चलाने का जिम्मा ईशान किशन ने ले लिया. साथ में सूर्या ने भी बहती गंगा में हाथ धो लिए.
ईशान ने छक्कों की कर दी बौछार
ईशान किशन रायपुर में अपने शतक से 25 रन से चूके थे. लेकिन इस मैच में उन्होंने वो कसक पूरी कर दी. ईशान ने महज 42 गेंद में सेंचुरी जमाई और छक्कों की बारिश कर दी. उन्होंने 10 छक्कों और 6 चौकों की मदद से ताबड़तोड़ 103 रन की पारी खेल. सूर्यकुमार यादव ने भी महज 30 गेंद में 63 रन ठोके जिसमें उन्होंने 6 छक्के जबकि 3 चौके जमाए. हार्दिक पांड्या ने 17 गेंद में 43 रन की पारी खेली जिसमें 4 छक्के और 1 चौका देखने को मिला. भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 फॉर्मेट में सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया.
ये भी पढे़ं.. डेढ़ साल के इंतजार के बाद खौफनाक अवतार.. ईशान ने शतक से पूरा किया कमबैक ‘मिशन’
टीम इंडिया ने बोर्ड पर टांगे 271 रन
भारतीय टीम ने इन दमदार पारियों की बदौलत बोर्ड पर 271 रन टांग दिए. पूरी इनिंग में 23 छक्के देखने को मिले. फुल मेंबर्स टीमों की बात करें तो टीम इंडिया के नाम एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के जमाने का रिकॉर्ड दर्ज है. साल 2024 में भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ एक पारी में 23 छक्के जमाए थे. इस पारी में ये रिकॉर्ड ध्वस्त हो सकता था, लेकिन एक हिट दूर रह गया. हालांकि, भारतीय टीम पर नंबर-1 का ताज सजा हुआ है.