U19 World Cup: जिम्बाब्वे को पीटकर भी बांग्लादेश के हाथ कुछ नहीं लगा, वर्ल्ड कप से हुआ पैकअप

U19 World Cup: जिम्बाब्वे को पीटकर भी बांग्लादेश के हाथ कुछ नहीं लगा, वर्ल्ड कप से हुआ पैकअप


U19 World Cup 2026: अंडर 19 वर्ल्ड कप 2026 से बांग्लादेश का सफर समाप्त हो चुका है. शनिवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए मुकाबले में उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ 74 रन से जीत दर्ज की, लेकिन इसके बावजूद बांग्लादेश की टीम सेमीफाइनल में प्रवेश करने में नाकाम रही है.

टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी बांग्लादेशी टीम ने निर्धारित ओवरों में 9 विकेट खोकर 253 रन बनाए. इस टीम ने 20 के स्कोर पर रिफत बेग (15) का विकेट गंवा दिया था, जिसके बाद जवाद अबरार ने अजीजुल हकीम तमीम के साथ दूसरे विकेट के लिए 46 रन जुटाकर टीम को संभाला. जवाद 25 रन बनाकर आउट हुए.

इस टीम ने 80 के स्कोर तक अपने 3 विकेट गंवा दिए थे। यहां से रिजान हुसैन ने अजीजुल हकीम के साथ तीसरे विकेट के लिए 73 रन की साझेदारी करते हुए बांग्लादेश को 150 के पार पहुंचा दिया. अजीजुल हकीम 87 गेंदों में 6 चौकों के साथ 59 रन बनाकर आउट हुए, जबकि रिजान हुसैन ने 5 बाउंड्री के साथ 47 रन की पारी खेली. इनके अलावा, अल फहाद ने 13 गेंदों में नाबाद 23 रन बनाकर टीम को 253 के स्कोर तक पहुंचाया. विपक्षी खेमे से टाटेंडा चिमुगोरो, शेल्टन माजवितोरेरा और माइकल ब्लिग्नॉट ने 2-2 विकेट निकाले.

Add Zee News as a Preferred Source


इसके जवाब में जिम्बाब्वे 48.4 ओवरों में महज 179 रन पर सिमट गया. यह टीम 54 के स्कोर तक अपने 5 विकेट गंवा चुकी थी. यहां से कप्तान सिम्बाराशे मुडजेंगरेरे ने मोर्चा संभाला. उन्होंने 121 गेंदों में 8 चौकों के साथ 70 रन की पारी खेली, जबकि शेल्टन माजवितोरेरा ने नाबाद 42 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके. बांग्लादेश की तरफ से इकबाल हुसैन इमोन ने 24 रन देकर 5 विकेट हासिल किए, जबकि अल फहाद ने 3 विकेट निकाले.

बांग्लादेश ने सुपर 6 के अपने पहले मैच में इंग्लैंड के हाथों 7 विकेट से शिकस्त झेली थी, जबकि जिम्बाब्वे को टीम इंडिया ने सुपर सिक्स मुकाबले में 204 रन से रौंदा था. 



Source link