Ishan Kishan-Hardik Pandya: न्यूजीलैंड के खिलाफ हुए सीरीज के आखिरी मैच में ईशान किशन ने सनसनीखेज शतक जड़कर महफिल लूट ली. इसी के साथ उन्होंने ऐलान भी कर दिया कि आगामी टी20 वर्ल्ड कप में वो बेंच पर नहीं बैठेंगे, बल्कि अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग करते दिख सकते हैं. ईशान ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की बखिया उधेरते हुए 43 गेंदों पर 103 रनों की तूफानी पारी खेली. जब उन्होंने लगातार दो छक्के जड़कर सौ का आंकड़ा क्रॉस किया, तो उनसे ज्यादा खुशी दूसरे छोर पर खड़े हार्दिक पांड्या के चहरे पर दिखी.
ईशान किशन ने जैसे ही टी20 इंटरनेशनल का पहला शतक ठोका, हार्दिक पांड्या खुशी से उछल पड़े. उन्होंने युवा विकेट कीपर को गले लगा लिया. मैच का ये लम्हा सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. ऐसा इसलिए भी है, क्योंकि फैंस ये आरोप लगाते रहे हैं कि हार्दिक ‘शतक के दुश्मन’ हैं. आइए जानते हैं, पूरी कहानी क्या है?
ईशान के शतक पर हार्दिक का जश्न
सोशल मीडिया पर फैंस हार्दिक पांड्या पर ये आरोप लगाते रहे हैं कि जब कोई बल्लेबाज शतक के बेहद करीब होता है तो हार्दिक बिल्कुल बेपरवाह तरीके से चौकों-छक्कों की बरसात करने लगते हैं और साथी बल्लेबाज से शतक या अर्धशतक जड़ने का मौका छीन लेते हैं. कई बार ऐसा हुआ है, इसके लिए उन्हें ट्रोल भी किया जाता है. हालांकि, रविवार को नजारा कुछ और था. ईशान किशन ने सेंचुरी जड़ी तो हार्दिक की खुशी का ठिकाना नहीं था.
— Space Recorder (@1spacerecorder) January 31, 2026
हार्दिक-ईशान की दोस्ती ऑन टॉप…
कहते हैं कि असली दोस्त की पहचान तब होती है जब कोई मुसीबत में हो या उसकी जिंदगी में खुशियों ने दस्तक दी हो. हार्दिक पांड्या ने इन दोनों परिस्थियों में ईशान किशन का साथ निभाकर सच्ची दोस्ती का मिसाल पेश किया है. दरअसल, ईशान के लिए टीम इंडिया में वापसी का सफर आसान नहीं रहा है. 2023 में उन्होंने बीसीसीआई से दुश्मनी मोल ली थी और साउथ अफ्रीका के खिलाफ बीच सीरीज से बाहर हो गए थे. इसके बाद टीम इंडिया में उनके लिए दरवाजे बंद हो गए. ईशान किशन को सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से भी हाथ धोना पड़ा था. उन्हें डोमेस्टिक क्रिकेट खेलने को कहा गया, जब उन्होंने इनकार किया तो विवाद और बढ़ गया.
ईशान किशन उस समय मानसिक रूप से बुरे दौर से गुजर रहे थे. उस नाजुक स्थिति में हार्दिक पांड्या उनके साथ थे. सोशल मीडिया पर कई वीडियो सामने आई, जिसमें ईशान और हार्दिक साथ में प्रैक्टिस और मौज मस्ती करते दिखे थे. ये बॉन्डिंग आईपीएल से शुरू हुई, जब दोनों मुंबई इंडियंस में थे. ऐसा नहीं है कि दोस्ती की मिसाल सिर्फ हार्दिक दे रहे हैं. टी20 वर्ल्ड कप 2024 से पहले जब निजी जिंदगी में उथल-पुथल और खराब फॉर्म के कारण उन्हें ट्रोल किया जा रहा था, तब ईशान उनके साथ चट्टान की तरह खड़े थे. जब हार्दिक टी0 चैंपियन बनकर भारत आए थे ईशान उनके पास पहुंचे और दोनों ने साथ में जोरदार जश्न मनाया था. ईशान किशन और हार्दिक पांड्या हर सुख-दुख में एक दूसरे के साथ हैं. यही वजह है कि शतक ईशान ने जड़ा और खुशी उनसे ज्यादा हार्दिक को हुई… यही तो सच्ची दोस्ती की पहचान है.