T20 World Cup 2026: भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 टी20 मैचों की सीरीज 4-1 से जीतकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारियों को अंतिम स्वरूप दे दिया है. टीम इंडिया के लिए इस सीरीज में अच्छी बात यह रही कि ईशान किशन ने लंबे समय बाद वापसी करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया. वहीं, संजू सैमसन के फॉर्म में परेशान कर दिया है. अब सीरीज समाप्त होने के बाद एक खुशखबरी फैंस के लिए आई है.
न्यूजीलैंड के खिलाफ चोटिल हुए थे तिलक
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज तिलक वर्मा और ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर की फिटनेस पर अपडेट दी. तिलक न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज की शुरुआत से ठीक पहले घरेलू क्रिकेट खेलते हुए चोटिल हो गए थे. उनका एक छोटा ऑपरेशन हुआ था. वह लगभग एक महीने से क्रिकेट से बाहर हैं. भारत 7 फरवर को अमेरिका के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगा. उससे पहले टीम मैनेजमेंट चाहती है कि तिलक पूरी तरह तैयार हो जाएं. भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप से पहले मुंबई में इकट्ठा होगी और दो वार्म-अप मैच खेलेगी.
ये भी पढ़ें: टी20 वर्ल्ड कप में सूर्यकुमार यादव रचने वाले हैं इतिहास, निशाने पर विराट कोहली का महारिकॉर्ड
तिलक वर्मा की फिटनेस पर सूर्या ने क्या कहा?
तिलक वर्मा की फिटनेस पर अपडेट देते हुए सूर्यकुमार ने कहा, ”तिलक वर्मा अच्छी तरह से फिट हो रहे हैं. मैंने सुना है कि वह मुंबई में 2 और 4 फरवरी को दो मैच खेल रहे हैं. मुझे लगता है कि दो मैच काफी हैं. मैंने उनसे कल ही बात की थी. उन्होंने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण सबकुछ शुरू कर दिया है. उम्मीद है कि वह जल्द ही हमारे पास होंगे.”
ये भी पढ़ें: Sports Budget 2026: भारत में युवाओं को नई उड़ान… ‘खेलो इंडिया मिशन’ हुआ लॉन्च, वित्त मंत्री ने किए बड़े ऐलान
सुंदर कितने फिट?
सुंदर की फिटनेस पर भारतीय कप्तान ने कहा, ”मुझे लगता है कि वाशी (वॉशिंगटन सुंदर) भी अच्छा कर रहा है. उससे भी मेरी बात हुई है. उसने भी गेंदबाजी और बल्लेबाजी शुरू कर दी है. वह अच्छा दिख रहा है और उम्मीद है कि जल्द ही वापस आ जाएगा.” सुंदर अभी बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं. सुंदर 11 जनवरी को वडोदरा में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में भारत की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा थे. उस मैच में गेंदबाजी करते समय उन्हें पसलियों में चोट लग गई थी, लेकिन इसके बावजूद वह बैटिंग करने आए थे और केएल राहुल के साथ मिलकर भारत को जीत दिलाने में मदद की.