एकलव्य स्कूल की पूर्व स्टाफ नर्स ने फिनाइल पिया: स्कूल प्रशासन पर लगाए प्रताड़ना का आरोप, अस्पताल में भर्ती – Jabalpur News

एकलव्य स्कूल की पूर्व स्टाफ नर्स ने फिनाइल पिया:  स्कूल प्रशासन पर लगाए प्रताड़ना का आरोप, अस्पताल में भर्ती – Jabalpur News




गोरखपुर थाना क्षेत्र स्थित एकलव्य विद्यालय रामपुर की एक पूर्व स्टाफ नर्स ने शनिवार को फिनाइल पी लिया। हालत बिगड़ने पर सहकर्मियों ने उन्हें तत्काल विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना से पहले स्टाफ नर्स जागृति इनवाती ने एक वीडियो बनाया, जिसमें उन्होंने स्कूल प्रशासन पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। वीडियो में जागृति ने बताया कि वह एकलव्य विद्यालय में स्टाफ नर्स के पद पर कार्यरत थीं और स्कूल प्रशासन द्वारा लगातार परेशान की जा रही थीं। शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया जागृति का आरोप है कि उन्होंने इस संबंध में पुलिस अधिकारियों से भी शिकायत की थी, लेकिन शिकायत वापस लेने के लिए उन पर दबाव बनाया जा रहा था। शनिवार को जब वह स्कूल पहुंचीं तो उन्हें परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया गया। इसी से आहत होकर उन्होंने फिनाइल पी लिया। कुछ दिन पहले नौकरी से हटाया था मामले को लेकर गोरखपुर थाना प्रभारी नितिन कमल ने बताया कि जागृति इनवाती को कुछ दिन पहले नौकरी से हटा दिया गया था। साथ ही उन्हें स्कूल द्वारा उपलब्ध कराए गए क्वार्टर को खाली करने का नोटिस भी दिया गया है। थाना प्रभारी के अनुसार जागृति द्वारा बनाए गए वीडियो में वह बार-बार पिछले चार माह के वेतन की मांग करती नजर आ रही हैं और कह रही हैं कि उनका बकाया वेतन दिया जाए, ताकि वह वहां से जा सकें। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है।



Source link