अशोकनगर जिले के ईसागढ़ के पास ओंढिला गांव में एक नवजात बच्ची का शव मिला है। पुलिस को शाम को घटना की सूचना मिली, जिसके बाद थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ग्रामीणों के अनुसार, मंगलवार सुबह कुछ बच्चे गांव से कुछ दूरी पर खेल रहे थे। उन्होंने एक नवजात बच्ची को पड़ा देखा। बच्चों ने गांव में इसकी जानकारी दी। जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक बच्ची मृत अवस्था में थी। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि जब बच्चों ने उसे पहली बार देखा था, तब वह जीवित प्रतीत हो रही थी। ग्रामीणों ने मृत बच्ची को उसी स्थान पर पत्थरों से ढक दिया ताकि कोई जानवर उसे नुकसान न पहुंचा सके। शाम को यह खबर फैलने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने नवजात बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बच्ची की मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल, पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
Source link