Suryakumar Yadav Record Against New Zealand: टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारियों में जुटी टीम इंडिया की सबसे बड़ी परेशानी दूर हो गई है. पिछले साल सूर्यकुमार यादव एक-एक रन के लिए तरस रहे थे, लेकिन कैलेंडर बदलते ही सूर्या का वही अंदाज लौट आया है, जिसे देखने के लिए फैंस की आखें तरस गई थीं. न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की T20I सीरीज में भारतीय कप्तानों ने रनों का अंबार लगाकर अपने फैंस को सुकून और आलोचकों को करारा जवाब दिया.
वैसे भी न्यूजीलैंड की टीम सूर्या को कुछ ज्यादा ही रास आती है. कीवी के खिलाफ उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है. तिरुवनंतपुरम मे खेले गए 5वें इंटरनेशनल मैच में उन्होंने 30 गेंदों पर 63 रन बनाए और इसी दौरान रोहित शर्मा का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया. यूं कहें कि सूर्या अब कीवियों के नए काल बन गए हैं तो गलत नहीं होगा.
सूर्या ने तोड़ा रोहित का बड़ा रिकॉर्ड
सूर्यकुमार यादव अब T20I में न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बन गए हैं. इस मामले में उन्होंने रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने ब्लैक कैप्स के खिलाफ 511 रन बनाए थे. सूर्या ने टी20 इंटरनेशनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ 526 रन बना दिए हैं. वहीं, किसी देश के खिलाफ T20I में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों में अभी भी विराट कोहली का जलवा है. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 794 रन बनाए हैं.
कोहली से अब एक कदम दूर सूर्या
न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में बल्ले की चमक दिखाते हुए सूर्या ने 5 पारियों में 80.67 की औसत और 196.75 की स्ट्राइक रेट से 242 रन बनाए, जिसमें 25 चौके और 14 छक्के शामिल हैं. शानदार प्रदर्शन के लिए सूर्यकुमार यादव को ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का अवॉर्ड मिला. सूर्या ने T20I में छठी बार ये अवॉर्ड जीता है. इस मामले में वो श्रीलंका के स्पिनर वानिंदु हसरंगा के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं. वहीं, T20I में सबसे ज्यादा बार ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ जीतने वालों की लिस्ट में विराट कोहली अभी भी टॉप पर हैं. उन्होंने 7 बार ये अवॉर्ड जीता था.
ये भी पढ़ें: इस गलती के लिए खुद को माफ नहीं करेंगे वैभव सूर्यवंशी, एक ही गेंद पर मिला दो जीवनदान, फिर कर दिया ये कांड!