मऊगंज में हाईवे पर ऑटो का टायर फटा: डिवाइडर से टकराई ऑटो, 14 वर्षीय किशोर गंभीर घायल – Mauganj News

मऊगंज में हाईवे पर ऑटो का टायर फटा:  डिवाइडर से टकराई ऑटो, 14 वर्षीय किशोर गंभीर घायल – Mauganj News




मऊगंज जिले के रीवा-बनारस नेशनल हाईवे पर रविवार दोपहर एक ऑटो का टायर फटने से बड़ा हादसा हो गया। टायर फटने के बाद अनियंत्रित ऑटो डिवाइडर से जा टकराई। इस दुर्घटना में ऑटो में सवार 14 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि ऑटो चालक सुरक्षित बच गया। यह दुर्घटना मऊगंज जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के खटखरी गांव के पास हुई। जानकारी के अनुसार, शुभम उर्फ राम कोल (14 वर्ष), पिता रमेश कोल, निवासी वार्ड क्रमांक 15, नगर परिषद नईगढ़ी, रविवार दोपहर हनुमना से ऑटो में सवार होकर अपने घर नईगढ़ी लौट रहा था। खटखरी बाईपास के पास पहुंचते ही ऑटो का पिछला टायर अचानक फट गया। टायर फटने से ऑटो अनियंत्रित हो गई और तेज रफ्तार में डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में किशोर शुभम को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल किशोर को तुरंत सिविल अस्पताल मऊगंज पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए संजय गांधी अस्पताल रीवा रेफर कर दिया।



Source link