पुलिस के हेलमेट वितरण में बाइक चालकों की होड़: एसपी ने लाइसेंस पूछा, दस्तावेज पूरे होने पर ही मिले हेलमेट – Dindori News

पुलिस के हेलमेट वितरण में बाइक चालकों की होड़:  एसपी ने लाइसेंस पूछा, दस्तावेज पूरे होने पर ही मिले हेलमेट – Dindori News




डिंडौरी में रविवार को वीरांगना रानी अवंती बाई चौक पर यातायात पुलिस ने मजदूरी करने वाले बाइक चालकों के लिए निःशुल्क हेलमेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया और एसपी वाहिनी सिंह भी मौजूद रहीं। निःशुल्क हेलमेट मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में बाइक चालक जमा हो गए। हालांकि, जैसे ही पुलिस ने दस्तावेज जांचना शुरू किया, कई बाइक चालक बिना हेलमेट लिए ही चले गए। कार्यक्रम में लगभग 50 लोगों को कलेक्टर और एसपी ने हेलमेट पहनाए। नहीं मिले दस्तावेज इस दौरान एसपी वाहिनी सिंह ने एक बाइक चालक जय लाल यादव से लाइसेंस के बारे में पूछा। यादव ने बताया कि उनके पास लाइसेंस नहीं है और गाड़ी भी सेकेंड हैंड खरीदी है, जिसका नाम ट्रांसफर नहीं हुआ है। एसपी ने यातायात पुलिस को आरटीओ से मिलकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस ये हेलमेट उन लोगों को दे रही है जिनकी गाड़ियां पुरानी हैं और जो मेहनत-मजदूरी करते हैं। उन्होंने कहा कि नई गाड़ियों के साथ तो कंपनियां हेलमेट देती हैं। एसपी ने महंगे मोबाइल और महंगी बाइक से हेलमेट लेने आने वालों पर चालानी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। यह सुनते ही कई बाइक चालक कार्यक्रम स्थल से निकल गए। यमयाज के वेश में पहुंचा कलाकार हेलमेट वितरण कार्यक्रम में एक कलाकार को ‘यमराज’ के वेश में बुलाया गया था, जिसने बाइक चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की नसीहत दी। कलाकार ने हेलमेट पहनने और नशे में वाहन न चलाने की अपील की, ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके। यातायात निरीक्षक सुभाष उईके ने बताया कि लगभग 250 वाहन चालकों को हेलमेट वितरित करने की योजना है। नगर के सभी पेट्रोल पंप संचालकों से भी कहा गया है कि वे बिना हेलमेट वाले बाइक चालकों को पेट्रोल न दें। इस अवसर पर एस डी एम भारती मरावी, सूबेदार अभिनव राय, समाज सेवी रमेश राजपाल और अमजद खान सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।



Source link