टीम इंडिया के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने शनिवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ तिरुवनंतपुरम में खेले गए पांचवें और आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच में फाइव विकेट हॉल हासिल किया. अर्शदीप सिंह ने इस मैच में 4 ओवर में 51 रन देकर 5 विकेट झटके. अर्शदीप सिंह ने इस दौरान न्यूजीलैंड के ओपनर टिम शेफर्ट (5), रचिन रवींद्र (30), मिचेल सेंटनर (0), काइल जेमिसन (9), डेरेल मिचेल (26) को पवेलियन का रास्ता दिखाया. हालांकि अर्शदीप सिंह ने इस दौरान एक बेहद शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम किया है.
अर्शदीप सिंह के नाम जुड़ा बेहद शर्मनाक रिकॉर्ड
अर्शदीप सिंह किसी टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में सबसे ज्यादा रन देकर 5 या उससे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए. पहले यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के अल्जारी जोसेफ के नाम था. अल्जारी जोसेफ ने जोहानिसबर्ग में साउथ अफ्रीका के खिलाफ साल 2023 में 40 रन देकर 5 विकेट लिए थे. वहीं, साउथ अफ्रीका के लुंगी एनगिडी ने साल 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ ब्रिस्टल में 39 रन देकर 5 विकेट लिए थे.
T20I करियर पर लगा सबसे बड़ा दाग
अर्शदीप सिंह टी20 इंटरनेशनल में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. साल 2022 में डेब्यू करने वाले बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने 76 मैचों में 118 विकेट लिए हैं. यह पहला मौका था, जब अर्शदीप सिंह ने एक पारी में 5 विकेट लिए. मैच की बात करें तो भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था. ईशान किशन के पहले टी20 शतक की बदौलत भारत ने 5 विकेट पर 271 रन बनाए थे.
ईशान किशन ने मचाया गदर
ईशान किशन ने 43 गेंद पर 10 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 103 रन की पारी खेली. इसके अलावा, कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 30 गेंद पर 6 छक्कों और 4 चौकों की मदद से 63 रन बनाए और हार्दिक पांड्या ने 17 गेंद पर 4 छक्कों और 1 चौके की मदद से 42 रन बनाए. न्यूजीलैंड ने फिन एलेन के 38 गेंद पर 6 छक्कों और 8 चौकों की मदद से बनाए 80 रन की मदद से 19.4 ओवर में सभी विकेट खोकर 225 रन बनाए और 46 रन से मैच गंवा बैठी. भारत के लिए अर्शदीप सिंह ने 5 और अक्षर पटेल ने 3 विकेट लिए. वरुण चक्रवर्ती और रिंकू सिंह को 1-1 विकेट मिला.