ग्वालियर की भिंड रोड पर एक रिटायर्ड फौजी को कार के बोनट पर लटकाकर कार सवार युवक 500 मीटर तक ले गए। इसके बाद उसे सड़क पर पटककर फरार हो गए। घटना शनिवार रात डीडी नगर चौराहे की है। बताया जा रहा है कि कार सवार युवकों की गाड़ी रिटायर्ड फौजी की कार से टकरा गई थी। इसके बाद कार सवार युवकों ने फौजी और उसके बहनोई के साथ मारपीट की। जब आरोपी भागने लगे तो फौजी ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान युवक उसे कार के बोनट पर लटकाकर घसीटते हुए ले गए। घटना का 16 सेकंड का वीडियो सामने आया है, जो उस वक्त की दहशत को बयां करता है। रिटायर्ड फौजी ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और रात में महाराजपुरा थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस हमलावर कार सवार युवकों की तलाश कर रही है। कार टक्कर के बाद विवाद, मारपीट भी किया बताया जा रहा है कि सेवानिवृत्त फौजी कल्याण किशोर कांत शर्मा, निवासी गणेश कॉलोनी आदित्यपुरम, शनिवार रात करीब 11 बजे अपने बहनोई अवधेश शर्मा के साथ प्रेस्टीज कॉलेज की ओर से घर लौट रहे थे। इसी दौरान आदित्याज होटल के पास उनकी कार एक अन्य कार (MP07 ZL-8545) से टकरा गई। टक्कर के बाद कार में सवार दो युवक बाहर निकले और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर कार सवार युवकों ने सेवानिवृत्त फौजी और उनके बहनोई के साथ मारपीट की। जब मौके पर भीड़ एकत्र होने लगी तो हमलावर कार सवार वहां से भागने लगे। इस पर उन्हें रोकने के लिए सेवानिवृत्त फौजी ने प्रयास किया और अपनी कार के सामने खड़े हो गए। कार के बोनट पर फौजी को लटका कर 500 मीटर तक घसीटा जब रिटायर्ड फौजी ने मारपीट कर भाग रहे कार सवारों को रोकने का प्रयास किया और उनकी कार के सामने खड़े हो गए, तो हमलावरों ने कार रोकने के बजाय उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से फौजी उछलकर कार के बोनट पर जा गिरे। इसके बाद कार सवार युवकों ने उन्हें बोनट पर लटकाकर करीब 500 मीटर तक घसीटते हुए ले गए। आखिर में कार को अचानक ब्रेक लगाकर झटका दिया, जिससे फौजी उछलकर सड़क पर गिर पड़े और हमलावर कार सवार मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने घायल साले-बहनोई की रिपोर्ट पर हमलावर कार सवारों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। कार के नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस बोली- आरोपियों की तलाश की जा रही महाराजपुरा थाना पुलिस का कहना है कि झगड़ा हुआ था, मारपीट के बाद एक वीडियो सामने आया है। जिस पर रिटायर्ड फौजी को कार सवार कार के बोनट पर लटकाकर ले जा रहे हैं। मामले में आरोपियों की तलाश की जा रही है।
Source link