मंदसौर जिले के सीतामऊ नगर में रविवार शाम संत शिरोमणि रविदास जयंती के अवसर पर एक शोभायात्रा निकली। यह जुलूस मोड़ी माता मंदिर प्रांगण से शुरू होकर नगर के मुख्य बाजार मार्ग से होते हुए श्रीराम विद्यालय परिसर में समाप्त हुआ। जुलूस मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों द्वारा जगह-जगह पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया। स्वागत स्थलों पर चाय-नाश्ते की भी व्यवस्था की गई थी। इस अवसर पर वक्ताओं ने संत शिरोमणि रविदास जी के विचारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि संत रविदास ने समाज को समानता, प्रेम और मानवता का मार्ग दिखाया। उन्होंने जाति-भेद, ऊंच-नीच और सामाजिक भेदभाव का विरोध करते हुए कर्म, सत्य, भाईचारे और आपसी सम्मान को एक सशक्त समाज और राष्ट्र की नींव बताया था। वक्ताओं ने कहा कि संत रविदास का सपना एक ऐसे समाज का था, जहां प्रत्येक व्यक्ति को न्याय, सम्मान और समान अधिकार प्राप्त हों। जुलूस के स्वागत में ग्राम पंचायत गलियारा के सरपंच राजपाल सिंह सहित विजय प्रताप सिंह, प्रवीण सिंह, योगेंद्र प्रताप सिंह, मोहित राज सिंह, शक्ति राज सिंह और युवराज सिंह प्रमुख रूप से शामिल रहे। ब्लॉक कांग्रेस ने भी शोभायात्रा का स्वागत किया। इस कार्यक्रम में जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष गोविंद सिंह, रामेश्वर जामलीया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हनुमंत सिंह राठौर, पूर्व ब्लाक अध्यक्ष सुरेश पाटीदार, रघुवीर सिंह, भागीरथ बंबोरिया, विनय राजोरिया, लक्ष्मण सिंह डाबड़ी, सुंदरलाल सुनाथी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे। इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे।
Source link