Pakistan vs Australia: टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया का 3-0 से सफाया कर दिया है. लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए तीसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में भी पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने कंगारू गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाई और 207 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. इसके जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम 100 रन का आंकड़ा भी नहीं क्रॉस कर सकी और 96 रन पर ढेर हो गई. इस मैच में स्टार बल्लेबाज बाबर आजम ने 36 गेंदों पर 50 रनों की अच्छी पारी खेली और एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है.
बाबर आजम ने टीम इंडिया के धुरंधर बल्लेबाज और T2OI के पूर्व खिलाड़ी विराट कोहली का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया. बाबर अब टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में सबसे ज्यादा अर्धशतक जड़ने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. उन्होंने 139वें मैच में ये उपलब्धि हासिल की है.
बाबर आजम ने तोड़ा विराट कोहली का रिकॉर्ड
टी20 वर्ल्ड कप 2024 में चैंपियन बनने के बाद विराट कोहली ने इस फॉर्मेट से संन्यास लेने का फैसला किया था. भारत के लिए 125 T20I में उन्होंने 4188 रन बनाए, जिसमें एक शतक और 32 अर्धशतक शामिल हैं. बाबर आजम अब फिफ्टी के मामले में विराट से आगे निकल चुके हैं और फिलहाल टी20 इंटरनेशनल में सबसे अधिक अर्धशतक ठोकने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. इस लिस्ट में भारतीय बल्लेबाज रोहित शर्मा 32 फिफ्टी के साथ तीसरे नंबर पर हैं.
पाकिस्तान ने 3-0 से ऑस्ट्रेलिया को धोया
टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को तगड़ा झटका दिया है. मिचेल मार्श की टीम इस शृंखला में एक भी मुकाबला नहीं जीत सकी. तीसरे मैच में तो ऑस्ट्रेलियाई टीम 208 रनों का पीछा करते हुए सिर्फ 96 रन पर ढेर हो गई. पाकिस्तान की तरफ से स्पिनर मोहम्मद नवाज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 18 रन देकर 5 विकेट हासिल किए. बल्लेबाजी में बाबर आजम के अलावा ऑलराउंडर शादाब खान ने भी कमाल किया और 242.11 की स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 19 गेंदों पर 46 रन बनाए. वहीं, युवा ओपनर सैम आयूब ने भी 56 रनों की अहम पारो खेली.
ये भी पढ़ें: जिस हार्दिक को कहते हैं ‘शतक का दुश्मन’, उसने ईशान की सेंचुरी पर क्यों मनाया इतना जश्न? जानें अंदर की कहानी