R Premadasa Stadium T20I Stats: टी20 विश्व कप 2026 का मंच तैयार है. सभी को भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले का इंतजार है. यह मैच श्रीलंका की जमीन पर होना है. इस बार श्रीलंका और भारत विश्व कप के लिए मेजबान देश हैं. जिस मैदान पर भारत-पाकिस्तान की टक्कर होना है, वहां 35000 दर्शक आराम से बैठकर मैच का लुत्फ ले सकते हैं. सिर्फ भारत-पाक ही नहीं, इस मैदान पर इस ग्रुप स्टेज के कुल 5 मैच होना हैं.
ये मैदान है कोलंबो का आर प्रेमदासा, जहां रनों की बारिश होने की पूरी उम्मीद है. ये मैदान 1986 में बना था. पहले यहां सिर्फ वनडे और टेस्ट होते थे, लेकिन 2009 से टी20 मैचों का जो कारवां शुरू हुआ था, वो अब तक जारी है. पहला मुकाबला भारत और श्रीलंका के बीच हुआ था, जबकि आखिरी मैच 2025 में श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच खेला गया. इस आर्टिकल में हम आपके लिए इस मैदान के टी20 आंकड़े, पिच रिपोर्ट और कुछ खास रिकॉर्ड लेकर आए हैं.
सबसे पहले बात पिच रिपोर्ट की…
आर प्रेमदासा स्टेडियम कोलंबो में मौजूद एक खूबसूरत स्टेडियम है. जब भी यहां मैच होते हैं तो फैंस भारी संख्या में पहुंचते हैं. इस मैदान की पिच बल्लेबाजी के लिए अनुकूल मानी जाती है. आउटफील्ड तेज है तो रन खूब बनते हैं. एक दिलचस्प बात ये है कि मैच जैसे-जैसे आगे बढ़ता है, तो फिर स्पिनर्स को मदद मिलती है. दूसरी पारी में जब विकेट गिरते हैं तो गेंदबाजों को मदद मिलती है. आंकड़े भले ही कुछ हों, लेकिन जिस तरह से टी20 गेम अब टीमें खेल रही हैं, यहां 200 रनों का स्कोर आसानी से बनता नजर आ सकता है.
आर प्रेमदासा स्टेडियम में कैसा है टी20 मैचों का रिकॉर्ड?
कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में अब तक 59 टी20 मैच हो चुके हैं. इनमें पहले बैटिंग करने वाली टीम ने 23 जबकि चेज करने वाली टीम ने 35 मैच जीते हैं. पहली पारी का औसत स्कोर 142 रन है, जो दूसरी पारी में घटकर 128 रह जाता है. वहीं अगर टी20 इंटरनेशनल की बात करें तो यहां अब तक 42 टी20 मुकाबले खेले गए हैं. इनमें से पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 19 जबकि दूसरी पारी में बैटिंग करने वाली टीम ने 23 बार जीत दर्ज की है. ये आंकड़े बताते हैं कि यहां चेज करने में ज्यादा परेशानी नहीं होती. यही वजह है कि टॉस जीतकर कप्तान ज्यादातर बॉलिंग चुनते हैं.
सबसे बड़ा टोटल किसके नाम
आर प्रेमदासा स्टेडियम में टी20 इंटरनेशनल में सबसे बड़ा टोटल श्रीलंका टीम के नाम है, जिसने 2018 में यहां बांग्लादेश के खिलाफ 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 214 रन बनाए थे. कुसल परेरा ने 48 बॉल पर 8 चौके और 2 छक्कों के दम पर 74 रनों की विस्फोटक पारी खेली थी. फिर बांग्लादेश ने बल्ले से कमाल करते हुए 5 विकेट से यह मैच जीत लिया था.
अफगान टीम के नाम सबसे छोटा स्कोर
इस मैदान पर सबसे छोटा टोटल अफगान टीम के नाम है, जो 2012 में इंग्लैंड द्वारा दिए गए 196 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए सिर्फ 80 रनों पर सिमट गई थी. पहले 10 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर पाए थे. 11वें नंबर पर उतरे गुलबदीन नाइब ने 32 बॉल पर 5 चौके और 3 छक्के लगाकर 44 रनों की पारी खेली थी.
सबसे सफल रन चेज किसके नाम?
इस मैदान पर सबसे सफल रन चेज का रिकॉर्ड बांग्लादेश के नाम है, जिसने 2018 में श्रीलंका के खिलाफ 214 रन चेज कर दिए थे. श्रीलंका ने 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 214 रन किए थे, जिसे बांग्लादेशी बल्लेबाजों ने 19.4 ओवर में चेज कर दिया था. इस मुकाबले में ओपनर तमीम इकबाल ने 29 बॉल पर 47, लिटन दास ने 19 बॉल पर 43, जबकि मुशफिकुर रहीम ने 35 बॉल पर 5 चौके और 4 छक्कों के दम पर नाबाद 72 रन बनाए थे.
डिफेंड किया गया सबसे छोटा स्कोर
इस मैदान पर सबसे छोटा स्कोर डिफेंड करने का साउथ अफ्रीका टीम के नाम है, जिसने 2013 में श्रीलंका के खिलाफ 116 रन डिफेंड कर लिए थे. अफ्रीका 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर सिर्फ 115 रन बना सकी थी. टीम के लिए ओपनिंग करने उतरे जॉन पॉल डुमिनी ने 52 बॉल पर 3 चौके और 1 छक्के की मदद से 51 रन किए थे. एबी डिविलियर्स भी 16 बॉल पर सिर्फ 15 रन बना सके थे. सचित्र सेनानायके ने 4 ओवरों में 14 रन देकर 3 विकेट निकाले थे. इसके बाद अफ्रीका के गेंदबाजों ने कमाल किया. श्रीलंका पूरे 20 ओवर खेलकर यह टारगेट चेज नहीं कर सकी थी. वो 20 ओवरों में 103 रनों तक पहुंच पाई थी और 12 रनों से मैच गंवा दिया था.
प्रेमदासा कोलंबो में होने वाले 5 मैच
8 फरवरी, 7:00 PM – श्रीलंका बनाम आयरलैंड
11 फरवरी, 3:00 PM – ऑस्ट्रेलिया बनाम आयरलैंड
13 फरवरी, 11:00 AM – ऑस्ट्रेलिया बनाम जिम्बाब्वे
15 फरवरी, 7:00 PM – भारत बनाम पाकिस्तान
19 फरवरी, 3:00 PM – श्रीलंका बनाम जिम्बाब्वे
ये भी पढ़ें: ना किशन ना अभिषेक… 5 मैचों की सीरीज में ये भारतीय धुरंधर बना हीरो, कीवी टीम में भर दिया अपने नाम का खौफ