T20 WC: 5 मैच में सिर्फ 46 रन…क्या संजू का गेम ओवर? ईशान-तिलक बन रहे खतरा

T20 WC: 5 मैच में सिर्फ 46 रन…क्या संजू का गेम ओवर? ईशान-तिलक बन रहे खतरा


Last Updated:

Sanju Samson T20 World Cup 2026: संजू सैमसन की मौजूदा फॉर्म को देखकर सवाल उठता है कि जब कोई खिलाड़ी लगातार रन बनाने से जूझ रहा है और आपके पास उसका रिप्लेसमेंट मौजूद हो तो क्या अपनी प्लानिंग में बदलाव नहीं करने चाहिए. अगर बड़े मैच में भी संजू सैमसन रन नहीं बना पाए तो इसका खामियाजा तो टीम को ही भुगतना पड़ेगा.

संजू सैमसन की जगह पर खतरा बरकरार

नई दिल्ली: पिछले महीने जब टी-20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम का ऐलान किया गया था, तब सिलेक्टर्स ने शुभमन गिल को ड्रॉप करके संजू सैमसन से ओपनिंग करवाने का बड़ा जुआ खेला था. अब ये दाव उल्टा पड़ता नजर आ रहा है. न्यूजीलैंड के खिलाफ बीती रात खत्म हुई पांच मैच की टी-20 सीरीज में संजू सैमसन कुल मिलाकर सिर्फ 46 रन ही बना पाए. संजू की सबसे बड़ी कमजोरी उनकी निरंतरता है. क्रिकेट एक्सपर्ट्स से लेकर फैंस तक, हर कोई ये जानता है कि वह कितने खतरनाक स्ट्रोक मेकर हैं, लेकिन वह किस मैच में चलेंगे और अब कब फ्लॉप हो जाएंगे, ये बात कोई नहीं जानता. इधर ईशान किशन की प्रचंड फॉर्म और तिलक वर्मा की रिकवरी देखकर लग रहा है कि कहीं वह सात फरवरी से शुरू होने जा रही टी-20 वर्ल्ड कप की प्लेइंग इलेवन से अपनी जगह न गंवा बैठे.

पहले संजू का हालिया फॉर्म जान लेते हैं
एक ओपनर से उम्मीद होती है कि वह पावरप्ले में टीम को धमाकेदार शुरुआत दिलाए. लेकिन अगर सलामी बल्लेबाज जल्दी आउट हो जाए तो पूरा प्रेशर अगले बैटर्स पर आना स्वभाविक है. संजू इसी परेशानी से जूझ रहे हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ हालिया सीरीज में वह 10, 6, 0, 24 और 6 के स्कोर पर आउट हुए हैं. बार-बार शुरुआती झटके लगना टीम की रणनीति पर असर डाल रहा है. तेज गेंदबाजों के खिलाफ उनका रिकॉर्ड टेंशन भरा है. 2025 के बाद से 16 पारियों में उन्होंने 131 गेंदों पर 166 रन बनाए हैं. इस दौरान वह 13 बार आउट हुए हैं, जिसमें से 10 मर्तबा पावरप्ले के भीतर ही डगआउट लौट गए.

ईशान किशन की मौजूदा फॉर्म संजू के लिए खतरे की घंटी
एक तरह जहां संजू सैमसन लगातार रन बनाने के लिए जूझ रहे हैं तो उधर दूसरी ईशान किशन रनों की झड़ी लगा रहे हैं. तिरुवनंतपुरम में उन्होंने 43 गेंद में 103 रन बनाए. रायपुर में 76 तो गुवाहाटी में 28 रन की पारी खेली. चार मैच में ईशान किशन ने एक शतक और एक अर्धशतक के साथ 215 रन बना लिए हैं. संजू सैमसन की ही तरह ईशान किशन विकेटकीपर ओपनर है. मगर फिलहाल तीसरे नंबर पर खेल रहे हैं. अगर संजू सैमसन फॉर्म में नहीं लौटे तो उन्हें हटाकर प्लेइंग इलेवन में ईशान किशन को फिट किया जा सकता है.

तिलक वर्मा इंजरी से फिटकर लौटे तो संजू की टेंशन बढ़ेगी
बाएं हाथ के आक्रामक बल्लेबाज तिलक वर्मा ग्रोइन की चोट से उबरकर टीम इंडिया में वापसी करने के लिए तैयार हैं. खबर है कि बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) से उन्हें खेलने की स्वीकृति मिल चुकी है. उनकी तीन फरवरी को मुंबई में भारतीय टीम से जुड़ने की उम्मीद है. वह सात जनवरी को ग्रोइन की चोट की सर्जरी के बाद सीओई में ट्रेनिंग कर रहे थे. इसका मतलब है कि 23 साल के इस बल्लेबाज के टी20 विश्व कप के लिए उपलब्ध होने की उम्मीद है. अगर ऐसा होता है तो प्लेइंग इलेवन में तीसरे नंबर पर वापसी कर सकते हैं, इस स्थिति में संजू सैमसन का पत्ता प्लेइंग इलेवन से कट जाएगा और ईशान किशन टीम के लिए ओपनिंग के साथ-साथ विकेटकीपर की जिम्मेदारी भी निभाएंगे.

About the Author

Anshul Talmale

अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. जबरदस्त स्ट्राइक रेट के साथ पिछले एक दशक से उनकी नाबाद पारी जारी है. अपनी ऑलराउंड क्षमता के…और पढ़ें

homecricket

T20 WC: 5 मैच में सिर्फ 46 रन…क्या संजू का गेम ओवर? ईशान-तिलक बन रहे खतरा



Source link