India A vs USA मैच में बने 438 रन… इस बल्लेबाज ने 49 गेंद पर ठोका शतक, भारत ने अमेरिका को हराया

India A vs USA मैच में बने 438 रन… इस बल्लेबाज ने 49 गेंद पर ठोका शतक, भारत ने अमेरिका को हराया


T20 World Cup Warm up Match Result: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के वॉर्म-अप मुकाबले में USA की टीम ने इंडिया-ए को कड़ी टक्कर दी, लेकिन 38 रन से मैच हार गए. नवी मुंबई के डी वाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए प्रैक्टिस मैच में रनों का सैलाब देखने को मिला. पहले इंडिया-ए ने स्कोरबोर्ड पर 238 रनों का पहाड़ खड़ा किया और उसके जवाब में अमेरिकी टीम ने 200 रन बनाए. कुल मिलाकर इस मुकाबले में 438 रन लगे.

USA के खिलाफ वॉर्म-अप मैच में विकेट कीपर बल्लेबाज नारायण जगदीसन ने 49 गेंदों पर शतक जड़कर महफिल लूट ली. उन्होंने 55 गेंदों में 4 छक्कों और 11 चौकों की मदद से 104 रन बनाए और भारत की जीत के मेन हीरो रहे. वहीं, लंबे समय बाद वापसी कर रहे तिलक वर्मा ने 24 गेंदों पर 38 रनों की पारी खेली और साथ ही गेंदबाजी में एक विकेट चटकाए.

भारत की जीत में चमके जगदीसन

Add Zee News as a Preferred Source


टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी भारत-ए ने निर्धारित 20 ओवरों में 3 विकेट खोकर 238 रन बना दिए. मेजबान टीम को सलामी बल्लेबाजों ने संभली हुई शुरुआत दिलाई. नारायण जगदीसन ने प्रियांश आर्य के साथ 4 ओवरों में 43 रन की साझेदारी की. प्रियांश ने 13 गेंदों में 2 छक्कों और 3 चौकों के साथ 28 रन बनाए.

यहां से जगदीसन ने तिलक वर्मा के साथ दूसरे विकेट के लिए 55 गेंदों में 113 रन जोड़े. तिलक ने 24 गेंदों में 38 रन जुटाए। उनकी इस पारी में 2 छक्के और 3 चौके शामिल रहे. इसके बाद जगदीसन ने तीसरे विकेट के लिए कप्तान आयुष बडोनी के साथ 35 गेंदों में 73 रन जोड़ते हुए भारत-ए को 200 के पार पहुंचा दिया.

नारायण जगदीसन 55 गेंदों में 4 छक्कों और 11 चौकों के साथ 104 रन बनाकर आउट हुए, जबकि बडोनी ने 26 गेंदों में 4 छक्कों और 6 चौकों के साथ नाबाद 60 रन बनाए. यूएसए की तरफ से अली खान, जसदीप सिंह और शुभम रंजने ने 1-1 विकेट हासिल किया.

यूएसए ने बनाए 200 रन

इसके जवाब में यूएसए की टीम 19.4 ओवरों में महज 200 रन पर सिमट गई. इस टीम को कप्तान मोनांक पटेल और एंड्रीज गौस की सलामी जोड़ी ने संभली हुई शुरुआत दिलाई. दोनों खिलाड़ियों ने 2.5 ओवरों में 32 रन जोड़े। मोनांक 7 गेंदों में 2 चौकों के साथ 10 रन बनाकर आउट हुए। अगले ही ओवर में सैतेजा मुक्कमल्ला (0) भी चलते बने.

यूएसए की टीम 33 के स्कोर तक अपने 2 विकेट गंवा चुकी थी। यहां से गौस ने मिलिंद कुमार के साथ तीसरे विकेट के लिए 39 रन की साझेदारी करते हुए टीम को फिर से संभालने की कोशिश की. मिलिंद ने टीम के खाते में 18 रन का योगदान दिया, जबकि गौस 31 गेंदों में 44 रन बनाकर आउट हुए. शुभमन रंजने (28) ने संजय कृष्णमूर्ति (41) के साथ पांचवें विकेट के लिए 30 गेंदों में 64 रन की ताबड़तोड़ साझेदारी की, जिसके बाद मोहसिन (21) ने हरमीत सिंह (25) के साथ सातवें विकेट के लिए 35 रन जुटाए, लेकिन ये साझेदारियां टीम को जीत दिलाने के लिए नाकाफी रहीं.

भारत-ए की तरफ से रवि बिश्नोई ने 27 रन देकर 3 विकेट निकाले, जबकि खलील अहमद और नमन धीर ने 2-2 विकेट हासिल किए. इनके अलावा, अशोक कुमार, तिलक वर्मा और आयुष बडोनी को 1-1 विकेट हाथ लगा.

ये भी पढ़ें: रैना ने ऐसा क्या करिश्मा किया? 16 साल से अमर है ये रिकॉर्ड, रोहित-कोहली से तो नहीं हो सका, कोई तोड़ पाएगा

 





Source link