कप्तान के फॉर्म का ‘सूर्योदय’ और मिशन वर्ल्ड कप, ‘ग्रुप A’ में बढ़ी टेंशन

कप्तान के फॉर्म का ‘सूर्योदय’ और मिशन वर्ल्ड कप, ‘ग्रुप A’ में  बढ़ी टेंशन


Last Updated:

surya kumar form before wc:न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ पाँच मैचों की टी20 सीरीज़ में सूर्या ने जिस विस्फोटक अंदाज़ में वापसी की है, वह सिर्फ रनों का आंकड़ा नहीं, बल्कि बड़े मंच पर आत्मविश्वास की ताज़ा मिसाल है और उस सत्य को परिभाषित भी करता है कि सूर्यास्त और सूर्योदय आपस में कितने जुड़े हुए है.

सूर्यकुमार यादव के फॉर्म ने बढ़ाई वर्ल्ड कप के ग्रुप A में टेंशन

नई दिल्ली. जब से क्रिकेट को समझने खेलने और देखने लायक हुए एक परिभाषा हमेशा कोच, एक्सपर्ट्स और जानकारों से सुनी कि क्रिकेटर को उसके क्लास से आंकना चाहिए ना कि फॉर्म से. ये बात मेरे दिमाग में घर कर गई और जब सूर्यकुमार यादव जैसे बल्लेबाजों को लंबे अंतराल के बाद रन बनाते देखता हूं तो समझ आता है कि उस लाइन में कितना सच्चाई है. सूर्या ने यह सत्य अपने बल्ले की आवाज़ से एक बार फिर साबित किया है. न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ पाँच मैचों की टी20 सीरीज़ में सूर्या ने जिस विस्फोटक अंदाज़ में वापसी की है, वह सिर्फ रनों का आंकड़ा नहीं, बल्कि बड़े मंच पर आत्मविश्वास की ताज़ा मिसाल है और उस सत्य को परिभाषित भी करता है कि सूर्यास्त और सूर्योदय आपस में कितने जुड़े हुए है.

साल 2025 सूर्यकुमार के करियर का सबसे कठिन अध्याय रहा. आँकड़े गवाही देते हैं कि उस दौरान 21 मैचों में वे सिर्फ 218 रन बना पाए, जहाँ औसत मात्र 13.62 का था. उनके बल्ले से निरंतर बड़े शॉट नहीं निकल रहे थे और 23 पारियों तक एक अदद अर्धशतक न बन पाने की लंबी खामोशी ने टी20 विश्व कप टीम में उनके चयन पर भी सवाल खड़े कर दिए थे. आलोचक पूछ रहे थे कि क्या इस 360-डिग्री बल्लेबाज़ का जादू अब फीका पड़ चुका है. लेकिन न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ घरेलू सीरीज़ में फिजाएं बदल गईं. अपनी परिचित पिचों और घरेलू प्रशंसकों के शोर के बीच सूर्या ने फिर से अपनी चमक बिखेरी.

सूर्य का उदय और रोशनी

कप्तान सूर्यकुमार ने दूसरे T20I में 82 रन (37 गेंद, स्ट्राइक रेट 221.62) की पारी खेलकर उन्होंने 23 पारियों के बाद अपना पहला आधिकारिक अर्धशतक जमाया. फिर निरंतर प्रहार करते हुए तीसरे टी20 में 57 रन और अंतिम मैच में 63 रनों की तेज़ पारियों ने न्यूज़ीलैंड के गेंदबाज़ों को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया. ये कप्तान की मानसिक मज़बूती थी जिसकी वजह से पूरी सीरीज़ में सूर्या एक बार भी ‘डक’ पर आउट नहीं हुए, जो उनके पिछले दौर के लगातार तीन ‘गोल्डन डक’ के मानसिक बोझ को उतार फेंकने जैसा था. सूर्यकुमार ने इन तीन अर्धशतकों की बदौलत भारत को सीरीज़ में 4–1 की शानदार जीत दिलाई और आलोचकों को बल्ले से जवाब दिया.

सूर्योदय और रिकॉर्ड्स की रोशनी का फैलना

इस वापसी के साथ सूर्या ने रिकॉर्ड बुक में भी अपना नाम स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज कराया. उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेज़ 3,000 रन (महज 1822 गेंदों में) बनाने का विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया. इसके साथ ही, वे रोहित शर्मा और विराट कोहली के बाद इस मुकाम तक पहुँचने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज़ बन गए. अपने 100वें टी20 मैच के ऐतिहासिक पड़ाव को छूते हुए उन्होंने बाबर आज़म जैसे दिग्गजों के रिकॉर्ड्स को भी पीछे छोड़ दिया. सूर्यकुमार यादव की इस सीरीज़ में सफलता केवल उनकी लंबी पारियों तक सीमित नहीं रही, बल्कि उनके आंकड़ों ने एक मुकम्मल दबदबा कायम किया. इस 5 मैचों की सीरीज़ में सूर्या ने 80.66 की शानदार औसत के साथ कुल 242 रन कूट डाले. सबसे प्रभावशाली बात उनका 196.74 का स्ट्राइक रेट रहा, जिसने दर्शाया कि रन बनाने की भूख में उन्होंने अपनी आक्रामकता से कोई समझौता नहीं किया. सीरीज़ के दौरान उनके बल्ले से तीन महत्वपूर्ण अर्धशतक निकले, जिन्होंने उन्हें ‘प्लेयर ऑफ़ द सीरीज़’ का हकदार बनाया.

वर्ल्ड कप की तैयारी

इसमें कोई शक नहीं कि क्रिकेट सिर्फ शारीरिक खेल नहीं, बल्कि किरदार की परीक्षा है. सूर्या ने दिखाया कि मन की मजबूती और सही समय पर जोखिम उठाने का चुनाव फ़ॉर्म के साये को उजाले में बदल सकता है. उन्होंने नई गेंद और स्पिनदोनों के खिलाफ समय लिया, मैच को पढ़ा और फिर अपने स्वाभाविक आक्रामक खेल पर लौटे. अब जबकि टी20 विश्व कप 2026 नज़दीक है, सूर्यकुमार यादव का यह फॉर्म उन्हें एक वापसी से सुपरस्टार तक की कहानी का मुखिया बनाता है. ‘SKY’ की यह गूँज दुनिया भर की टीमों के लिए खतरे की घंटी है सूर्यास्त के सूर्योदय की बारी है वो भी पूरे तेज और रोशनी के साथ.

homecricket

कप्तान के फॉर्म का ‘सूर्योदय’ और मिशन वर्ल्ड कप, ‘ग्रुप A’ में बढ़ी टेंशन



Source link