एमपी में आज का मौसम: मध्य प्रदेश में पिछले एक हफ्ते से मौसम लगातार बदल रहा है. पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) के चलते प्रदेश के कई जिलों में बारिश, ओले और ठंड का दौर जारी है. मौसम वैज्ञानिक भोपाल की डॉ. दिव्या सुरेंद्रन के अनुसार, इस सिस्टम के चलते भोपाल, ग्वालियर, रीवा सहित 20 से ज्यादा जिलों में बारिश और मावठा का अलर्ट जारी किया गया है.
मंगलवार की सुबह राजधानी भोपाल में हल्की बारिश हुई और शहर में धुंध ने दृश्यता को कम कर दिया. मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों के लिए कई जिलों में मध्यम से घना कोहरा रहने की चेतावनी भी जारी की है. इससे लोगों को सफर में सावधानी बरतने और सुबह की गतिविधियों में धैर्य रखने की सलाह दी गई है.
सोमवार को भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल, रीवा, सागर और जबलपुर संभाग के कई जिलों में बादल छाए रहे और रुक-रुक कर बारिश हुई. टीकमगढ़, आगर-मालवा और अशोकनगर में सुबह बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ इलाकों में शाम को मौसम अचानक बदल गया. सबसे अधिक असर प्रदेश के उत्तरी हिस्से में देखा गया.
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, आगर-मालवा, राजगढ़, विदिशा, सागर, दमोह, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना और रीवा में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. कई जिलों में सुबह के समय मध्यम कोहरा भी रहने की संभावना है.
अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम
4 फरवरी: शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, सतना, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में मध्यम कोहरा रहेगा.
5 फरवरी: राजगढ़, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, रीवा, मऊगंज, सतना, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में कोहरा और हल्की बारिश का असर रहेगा.
आगे मौसम में बदलाव के आसार
मौसम विभाग ने बताया कि 5 फरवरी को पश्चिम-उत्तरी भारत में एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा. इसका असर मध्य प्रदेश में देखने को मिल सकता है. इससे कुछ इलाकों में 10 फरवरी तक बारिश और ओलों का दौर फिर से शुरू हो सकता है. पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी और बारिश के बाद यह सिस्टम लौटेगा, तो प्रदेश में ठंड का एक और दौर आ सकता है. दिन और रात के तापमान में गिरावट होने की संभावना है.