रीवा की शिल्परा नहर में 5 दिन पहले डूबे 16 साल के किशोर का शव आखिरकार बरामद कर लिया गया। बनारस से आई एनडीआरएफ की टीम ने करीब 24 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद शव को खोज निकाला। शव शिल्परा सायफन के पास क्रेन में फंसा हुआ मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, बजरंग नगर निवासी श्रेयांश कुशवाहा (16), पिता राकेश कुशवाहा, अपने दो दोस्तों के साथ नहर किनारे पिकनिक मनाने गया था। इसी दौरान श्रेयांश का चश्मा नहर में गिर गया। चश्मा निकालने के लिए वह नहर में उतर गया, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण वह संतुलन खो बैठा और बहने लगा। श्रेयांश को बहता देख उसका एक दोस्त, जिसे तैरना आता था, नहर में कूद पड़ा। उसने किसी तरह श्रेयांश को किनारे तक पहुंचाया, लेकिन दोनों नहर से बाहर नहीं निकल पाए। इस दौरान दोस्त तो किसी तरह बच गया, लेकिन श्रेयांश गहरे पानी में समा गया। घटना की जानकारी मिलते ही बच्चों ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद बिछिया थाना पुलिस को भी अवगत कराया गया। सूचना पर एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और नहर का पानी भी बंद कराया गया। चार दिनों तक लगातार तलाश के बावजूद जब एसडीआरएफ को सफलता नहीं मिली, तब बनारस से एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। एनडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन तेज किया और बुधवार करीब 7 बजे के आसपास श्रेयांश का शव शिल्परा सायफन क्षेत्र में बरामद कर लिया। शव मिलने के बाद परिजनों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
Source link