Brendan Taylor News: टी20 विश्व कप का इतिहास 18 साल पुराना है. इस टूर्नामेंट में कई खिलाड़ी आए और कई गए, लेकिन एक क्रिकेटर ऐसा है, जो लगातार खेल रहा है. 2007 में उसने पहली बार इस मेगा इवेंट में शिरकत की थी, अब 2026 में भी वो मैदान पर उतरेगा. जैसे ही वो इस दफा मैदान पर उतरेगा तो इतिहास रच देगा. वो पहला ऐसा खिलाड़ी बनेगा, जो 2007 से लेकर 2026 में भी खेलेगा. ये कोई और नहीं बल्कि जिम्बाब्वे के 40 साल के स्टार विकेटकीपर-बैटर ब्रेंडन टेलर हैं, जो तूफानी बैटिंग के लिए मशहूर हैं. इस बार उन्हें स्क्वाड में जगह मिली है.
जिम्बाब्वे की टीम आखिरी दफा यानी 2024 के टी20 विश्व कप में नहीं खेल पाई थी, क्योंकि वो क्वालिफाई नहीं कर सकी थी. अब 2022 के बाद वो इस टूर्नामेंट में लौटी है. टीम में बैन की सजा काट चुके टेलर को जगह मिली है, जो 5वीं बार जिम्बाब्वे के लिए T20 वर्ल्ड कप खेलते नजर आएंगे. इससे पहले वो 2007, 2010, 2012 और 2014 के T20 वर्ल्ड कप में शिरकत कर चुके हैं.
कैसा है ब्रेंडन टेलर का क्रिकेट करियर?
ब्रेंडन टेलर ने 2006 में T20I डेब्यू किया था. तब से वह 58 मैचों में 1185 रन बना चुके हैं. उनके बल्ले से T20I फॉर्मेट में 1 शतक और 6 अर्धशतक निकले हैं. अगर इस खिलाड़ी का बल्ला इस बार चल गया तो विरोधी टीम के गेंदबाजों की हालत खराब होना तय है. टेलर की खास बात ये है कि वो ओपनिंग से लेकर निचले क्रम तक किसी भी नंबर पर आकर तूफानी अंदाज में रन बना सकते हैं. उनके पास जबरदस्त सिक्स-हिटिंग एबिलिटी है.
संन्यास और बैन झेलकर लौटे हैं टेलर
ये वही ब्रेंडन टेलर हैं, जिन्होंने 2006 में डेब्यू किया था. फिर 2015 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया था. 2017 में एक बार फिर इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी की. इसके बाद सस्पेंड होने के चलते जिम्बाब्वे ने 2021 टी20 विश्व कप में हिस्सा नहीं लिया था. जनवरी 2022 में टेलर को साढ़े तीन साल के लिए बैन कर दिया गया, क्योंकि आईसीसी ने भ्रष्टाचार और डोपिंग नियमों के उल्लंघन के कारण उन पर बैन लगाया था. बैन खत्म होने के बाद एक बार फिर ये खिलाड़ी क्रिकेट के मैदान पर धमाल मचाने उतरा है.
टी20 वर्ल्ड कप के लिए जिम्बाब्वे की टीम
ब्रायन बेनेट, तडिवानाशे मारुमानी, डियोन मायर्स, ब्रेंडन टेलर (विकेटकीपर), सिकंदर रजा (कप्तान), रायन बर्ल, ग्रेम क्रीमर, ब्रैड एवंस, वेलिंगटन मसकाद्जा, ब्लेसिंग मुजराबानी, रिचर्ड एन्गरावा.
ये भी पढ़ें: T20 World Cup: वो 5 टीमें जिन्होंने जीते हैं सबसे ज्यादा मैच….लिस्ट में पाकिस्तान का है बुरा हाल