बुंदेलखंड की गौरवशाली संस्कृति को सहेजने के लिए नोहटा में नोहलेश्वर महोत्सव का शुभारंभ गुरुवार शाम को रंगारंग कार्यक्रमों के साथ हुआ। जबेरा विधानसभा से आईं 51 दिवारी टोलियों ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर शानदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदेश के पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी खुद को रोक नहीं पाए और उन्होंने ग्वाल-बालों के साथ पारंपरिक दिवारी नृत्य कर सबका मन मोह लिया। दिन में विकास और रात में संस्कृति के रंग आयोजन समिति ने महोत्सव को दो मुख्य हिस्सों में बांटा है। दिन के समय विभिन्न शासकीय विभागों की प्रदर्शनियां, किसान सम्मेलन और जन-जागरूकता कार्यक्रम होंगे। वहीं, रात में सांस्कृतिक संध्या सजेगी, जिसमें 1000 से ज्यादा स्थानीय प्रतिभाओं को अपना हुनर दिखाने का मौका मिलेगा। पुरातत्व विभाग द्वारा महापुरुषों की प्रदर्शनी भी यहाँ लगाई जा रही है। बड़े सितारों से सजेगा मंच इस 10 दिवसीय आयोजन में कई नामी कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे: कैलाश खेर: सूफी भजनों से समां बांधेंगे। पुनीत इस्सर ग्रुप: महाभारत और अन्य पौराणिक कथाओं का मंचन करेगा। अभिलिप्सा पांडा: ‘हर हर शंभू’ फेम गायिका सुरों का जादू बिखेरेंगी। हरिओम पवार: प्रसिद्ध कवि ग्रुप द्वारा वीर रस और हास्य का कवि सम्मेलन आयोजित होगा। 12 फरवरी को आएंगे सीएम महोत्सव में 12 फरवरी को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव नोहटा पहुंचेंगे। सीएम यहां एक विशाल किसान सम्मेलन को संबोधित करेंगे। मंत्री लोधी के अनुसार, इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना और क्षेत्र के विकास को नई गति देना है। स्वास्थ्य शिविर भी लगेगा महोत्सव में एक स्वास्थ्य शिविर भी लगाया जा रहा है, जिसमें 100 डॉक्टरों की टीम करीब 10 हजार लोगों का मुफ्त इलाज करेगी। मनोरंजन के लिए हॉट एयर बैलून, बच्चों के झूले और जलपरी जैसे आकर्षण भी मौजूद रहेंगे। उद्घाटन के अवसर पर पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुशमारिया सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।
Source link