सीहोर के कृषि उपज मंडी क्षेत्र में बिजली वितरण कंपनी के रखरखाव कार्य के दौरान गंभीर लापरवाही सामने आई है। सड़क पर बिजली के तार झूलते नजर आ रहे हैं, जबकि कर्मचारी बिना किसी सुरक्षा उपकरण के काम कर रहे हैं। इस स्थिति से कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। यह काम शहर के कृषि उपज मंडी इलाके में चल रहा है। बिजली के खंभों से जुड़े तार सड़क तक लटक रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद न तो रास्ता बंद किया गया है और न ही किसी तरह की बैरिकेडिंग की गई है। इससे पैदल राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ठेकेदार ने नहीं लगाए बैरिकेड
स्थानीय लोगों का कहना है कि काम कर रहे कर्मचारियों के पास हेलमेट, दस्ताने या अन्य सुरक्षा साधन नहीं हैं। जब राहगीरों ने इस बारे में मौके पर मौजूद कार्य सुपरवाइजर से सवाल किया, तो उन्होंने बताया कि ठेकेदार द्वारा सुरक्षा उपकरण और बैरिकेड की व्यवस्था नहीं की गई है। मामले को लेकर बिजली कंपनी का कहना है कि उन्हें इस लापरवाही की जानकारी मिल गई है और स्थिति को देखते हुए जल्द ही आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।
Source link