IND vs PAK Match Boycott: टी20 विश्व कप 2026 के आगाज में सिर्फ 2 दिन बचे हैं. इस इवेंट में 15 फरवरी को तय भारत-पाकिस्तान मैच होगा या नहीं? ये सवाल बना हुआ है. सवाल इसलिए, क्योंकि पाकिस्तान ने साफ मना कर दिया है कि वो भारत के खिलाफ यह मैच नहीं खेलेगा. पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की तरफ से यह कहा गया और अब पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी इस मुद्दे पर अपनी चुप्पी तोड़ी. उन्होंने 4 फरवरी को पुष्टि की कि उनकी क्रिकेट टीम आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ ग्रुप मैच नहीं खेलेगी. इस पूरे मामले में इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी ICC की तरफ से अब तक कोई स्पष्टता नहीं है कि मैच का क्या होगा…
दरअसल, टी20 विश्व कप 2026 में ग्रुप A के तहत 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के कोलंबो में यह हाई-वोल्टेज मैच तय है, लेकिन पाकिस्तान ने इस मुद्दे पर स्पष्ट रुख अपनाया है. 4 फरवरी को कैबिनेट बैठक में पीएम शहबाज शरीफ ने कहा सरकार ने ICC के खिलाफ स्टैंड लिया है और कहा कि खेल में राजनीति नहीं होनी चाहिए.
क्या बोले शहबाज शरीफ?
IND vs PAK मैच के बॉयकॉट पर शहबाज शरीफ ने कहा कि, ‘हमने टी20 वर्ल्ड कप को लेकर बहुत सोच-समझकर फैसला लिया है कि भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेंगे. खेल का मैदान राजनीति के लिए नहीं होना चाहिए. हम बांग्लादेश के साथ खड़े हैं और यह एक उचित निर्णय है.’
इस पूरे मामले में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) को भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने को लेकर कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी है. मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड इस फैसले पर ICC को कोई आधिकारिक ईमेल भेजने से इनकार कर रहा है. ICC को पीसीबी के आधिकारिक पत्र का इंतजार है, जिसके बाद तय होगा कि मैच रद्द होगा या नहीं.
पाकिस्तान क्यों नहीं खेल रहा मैच?
इससे पहले 1 फरवरी को पाकिस्तान सरकार ने एक्स पर एक पोस्ट करके ऐलान किया था कि सीनियर पुरुष टीम 20 टीमों वाले टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी, लेकिन वो 15 फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले में मैदान पर नहीं उतरेगी. पाकिस्तान ने यह फैसला बांग्लादेश के समर्थन में लिया है. पाकिस्तान का ये मानना है कि बांग्लादेश के साथ अन्याय किया गया है, जिसे भारत की यात्रा से इनकार करने पर इस टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया.
बांग्लादेश को क्यों किया गया बाहर?
टी20 विश्व कप 2026 से हट चुकी बांग्लादेश टीम के बोर्ड ने ICC से मांग की थी कि उनके मैचों को भारत से श्रीलंका में शिफ्ट किया जाए. ये मांग तब की गई थी जब कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज कर दिया था. ये फैसला बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को पसंद नहीं आया और उसने सुरक्षा खतरे का हवाला देकर अपने मैच भारत के बाहर खेलने की मांग की थी. ICC ने यह मांग रिजेक्ट कर दी थी और बांग्लादेश से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने को कहा था, लेकिन जब बांग्लादेश ने भारत जाने से इनकार किया तो फिर नियमों के तहत बांग्लादेश को बाहर करके ग्रुप C में स्कॉटलैंड को लाया गया.
पहले टूर्नामेंट से हटने की धमकी दी थी
जैसे ही बांग्लादेश टीम को टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखाया गया तो पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को मिर्ची लगी. PCB के चीफ मोहसिन नकवी ने टूर्नामेंट से हटने की धमकी दी थी और कहा था कि बांग्लादेश के साथ न्याय नहीं हुआ. फिर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के बीच कई बैठकों के बाद यह तय किया गया कि टीम टूर्नामेंट में तो खेलेगी, लेकिन भारत के खिलाफ मुकाबला नहीं खेलेगी. अब ICC क्या करेगा?
ICC दे चुका है वॉर्निग
जब पाकिस्तान की तरफ से IND vs PAK मैच का बहिष्कार किया गया तो ICC ने एक बयान जारी कर पाकिस्तान से इस फैसले पर पुनर्विचार करने की अपील की है और चेतावनी दी है कि इसका देश में क्रिकेट पर लंबे समय तक असर पड़ सकता है. अब देखना होगा कि ICC क्या फैसला लेती है. आगे क्या होता है? भारत-पाकिस्तान दोनों टी20 विश्व कप 2026 के लिए ग्रुप A में शामिल हैं, उनके अलावा नामीबिया, नीदरलैंड और अमेरिका (USA) भी शामिल हैं.
ये भी पढ़ें: T20 World Cup में सबसे ज्यादा फिफ्टी का रिकॉर्ड…इन 4 धुरंधरों ने गेंदबाजों को रुलाया…नंबर 1 पर है सबका चहेता