4 माह बाद घर पहुंची भटकी महिला – Barwani News

4 माह बाद घर पहुंची भटकी महिला – Barwani News




भास्कर संवाददाता | बड़वानी गुजरात के दाहोद जिले के ग्राम बांदरिया की एक महिला भटकते हुए जिले के समीप नंदगांव तक पहुंच गई थी। मानसिक रूप से अस्वस्थ होने से वह घर का पता या परिजनों की जानकारी नहीं दे पा रही थी। रोटरी क्लब सचिव ललित जैन की नजर महिला पर पड़ी। जैन ने महिला से बातचीत की और उसे सुरक्षित रूप से शहर के रैन बसेरा लेकर आए। रैन बसेरा में सामाजिक कार्यकर्ता अजित जैन से मिलकर महिला की फोटो व जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की। इस पर ग्राम बांदरिया के सरपंच विलु परमार व पुलिस विभाग की सावित्री डंडोड ने महिला को पहचान लिया। संध्या भूरिया के सहयोग से महिला के परिजनों से वीडियो कॉल पर बात कराई गई। वीडियो कॉल से महिला को पहचानते ही परिजन भावुक हो उठे और तुरंत निजी वाहन से बड़वानी पहुंचे। महिला से मिलने वालों में उसकी दो बेटियां, भतीजे व अन्य परिजन शामिल थे। महिला को एक दिन रैन बसेरा में सुरक्षित रखा गया, जहां सेवादार रितेश वास्कले, राहुल यादव व सौरभ यादव ने उसके भोजन और रहने की पूर्ण व्यवस्था की। इस दौरान महिला की देखरेख पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ की गई। परिजनों ने बताया कि महिला करीब चार माह से घर से गुम थी, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट संबंधित स्थानीय थाने में पहले ही दर्ज करवाई जा चुकी थी। महिला मानसिक रूप से विक्षिप्त है और उसका इलाज भी चल रहा है। अचानक इस तरह सुरक्षित मिलने पर परिवार के सदस्य अत्यंत भावुक हो गए और सभी सामाजिक कार्यकर्ताओं, पुलिस विभाग व सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।



Source link